रायपुर। संस्था स्वर्णिम धरोहर लता फाउंडेशन के तत्वावधान में आज देश के विभिन्न भागों से आये युवक युवतियों ने सत्य साईं हार्ट हॉस्पिटल के सभागार में लता जी के गीत अपने स्वर में गाकर समां बाँध दिया | विदित हो ये प्रतियोगिता स्वर्णिम धरोहर लता फाउंडेशन के लता पुरस्कार के लिए है .देश भर से रायपुर आये 457 प्रतिभागियों में से आज के स्टेज राउंड के लिए 40 प्रतियोगियों का चयन किया गया था . जबलपुर से रायपुर आये देश के जाने माने बांसुरी वादक श्री मुरलीधर नागराज और उनकी पत्नी नामचीन गायिका तापसी नागराज जी के समक्ष इन 40 प्रतियोगियों ने लता जी के गाये गीत अपने स्वर में प्रस्तुत किये इन 40 प्रतियोगियों में से कल के स्टेज राउंड के लिए 20 प्रतियोगियों का चयन हुआ है और कल 21 दिसंबर को इन 20 प्रतियोगियों की प्रतिभा का आकलन करने रायपुर आये हैं जाने माने संगीतकार और म्युज़िक अरेंजर श्री अमर हल्दीपुर , मशहूर ग़ज़ल गायिका मिताली सिंह और गायिका जयश्री शिवराम | 21 दिसंबर को आज के 40 प्रतिभागियों में से चुने हुए 20 प्रतियोगी स्टेज राउंड में इन तीनों निर्णायकों के सामने लता जी के गीत प्रस्तुत करेंगे जिनमें से अंतिम तीन विजेताओं का चयन किया जायेगा जिन्हें लता जी की पुण्य तिथि 6 फरवरी 2026 को आयोजित कार्यक्रम में नामचीन संगीतकार और म्युज़िक अरेंजर श्री उत्तम सिंह जी के हाथों सम्मानित किया जायेगा | आज के कार्यक्रम का कुशल संचालन किया अभिलाषा शर्मा और आकाशवाणी के प्रसिद्द उद्घोषक दीपक हटवार ने | कार्यक्रम के निर्णायक श्री मुरलीधर नागराज और तापसी नागराज जी ने प्रतियोगियों का हौसला ही नहीं बढ़ाया , उनको गायन की बारीकियां भी समझाईं र इस मौके पर मुरलीधर नागराज ने अपने बांसुरी वादन और तापसी नागराज ने अपने गायन से श्रोताओं को मुग्ध कर दिया | इस अवसर पर लिम्का बुक ऑफ़ रिकार्ड्स के रिकॉर्ड होल्डर और भारत रत्न लता जी से सम्बंधित किताबों , ग्रामोफ़ोन रिकार्ड्स और सीडी के संग्रहकर्ता ,मेरठ से विशेष रूप से पधारे श्री गौरव शर्मा ने लता जी से अपनी भेंट के संस्मरण साझा किये .समारोह को स्वर्णिम धरोहर लता फाउंडेशन के संस्थापक मनोज शर्मा ने भी संबोधित किया और आयोजन में भाग लेने वाले प्रतियोगियों और निर्णायकों के प्रति अपना आभार प्रकट किया और अपनी शुभकामनाएं दीं .

