छत्तीसगढ़ • देश

राज्य आंदोलनकारियों व छसपा का दो दिवसीय 27वां राज्योत्सव 31 अक्टूबर से

रायपुर। पृथक छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के आंदोलनकारी रहे और राज जलसा के अगुवाओं सहित छत्तीसगढ़ी समाज पार्टी की ओर से दो दिवसीय 27वें राज्योत्सव 31 अक्टूबर एवं 1 नवंबर को मनाया जाएगा। इस आशय की जानकारी एक पत्रकार वार्ता में पार्टी के प्रमुख अनिल दुबे, दाऊ जी.पी.चंद्राकर, वेगेंद्र सोनबेर व लालाराम वर्मा ने संयुक्त रूप से दी।

पार्टी नेताओं ने बताया कि राज्योत्सव का शुभारंभ शनिवार, 31 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे साहू भवन टिकरापारा में कार्यकर्ता सम्मेलन से होगा। यह सम्मेलन शाम 6 बजे संपन्न होगा। इसके बाद रात्रि 8.30 बजे से ठाकुर प्यारेलाल सिंह मार्ग हांडीपारा स्थित राज्य संघर्ष स्थल छत्तीसगढ़ी भवन के प्रांगण में चंदैनी गोंदा राजनांदगांव के कलाकारों द्वारा भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। 40 लोक-कलाकारों के इस दल का नेतृत्व महादेव हिरवानी करेंगे। पारंपरिक सांस्कृतिक धरोहर रूप में यह छत्तीसगढ़ी कार्यक्रमों का 27वां आयोजन होगा। इस अवसर पर राज्य आंदोलन के नेतृत्वकर्ता 7 आंदोलनकारियों का शॉल, श्रीफल व मोमेंटो से सम्मान किया जाएगा। इनमें रायपुर, बलौदाबाजार, कोरबा, कवर्धा व कांकेर के आंदोलनकारी शामिल होंगे। वहीं 1 नवम्बर को शाम 6.30 बजे आतिशबाजी का भव्य आयोजन होगा, जिसमें राज्य आन्दोलनकारियों के विभिन्न समूह जुटेंगे। ये आतिशबाजी प्रमुख रूप से शहर के छत्तीसगढ़ी भवन आजाद चौक, जयस्तंभ चौक, शहीद वीरनारायण सिंह चौक, अंबेडकर चौक, आचार्य नरेन्द्र दुबे मार्ग लाखेनगर चौक, साहू भवन टिकरापारा एवं मोतीबाग चौक प्रेस क्लब परिसर में की जाएगी। इस वृहद कार्यक्रम को संचालित करने के लिए 25 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ी भवन में एक बैठक होगी, जिसमें विभिन्न टीमों का गठन किया जाएगा।

About the author

मीडिया एमपीसीजी