किसान भुगतान यात्रा का JCCJ ने किया स्वागत और दिया समर्थन
रायपुर। प्रदेश किसान संघ, छत्तीसगढ़ द्वारा किसानों के बकाया भुगतान तथा किसानों के हक और अधिकारों की मांग को लेकर “दाम-सत्याग्रह अंतर्गत किसान भुगतान यात्रा” निकाली जा रही है। रायपुर से नारायणपुर तक आयोजित यह यात्रा 26 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न जिलों से होकर गुजरेगी। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने इस किसान भुगतान यात्रा का स्वागत और समर्थन करते हुए सरकार से किसानों की सभी जायज मांगों का तत्काल निराकरण करने की मांग की है।
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के निर्देशानुसार पार्टी के मुख्य प्रवक्ता एवं अधिवक्ता भगवानू नायक ने किसान भुगतान यात्रा में शामिल किसानों के बीच पहुंचकर उनकी मांगों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यह केवल भुगतान की मांग नहीं, बल्कि अन्नदाता किसानों की मेहनत, सम्मान, हक और अधिकार की लड़ाई है।
भगवानू नायक ने कहा कि प्रदेश किसान संघ द्वारा उठाई जा रही मांगों के अनुसार वर्ष 2024-25 में खरीदे गए 149 लाख टन धान के ₹117 प्रति क्विंटल के हिसाब से लगभग ₹1,743 करोड़, वर्ष 2025-26 में खरीदे गए 141.04 लाख टन धान के ₹186 प्रति क्विंटल (₹117 + ₹69) के हिसाब से लगभग ₹2,623 करोड़, तथा राजीव गांधी किसान न्याय योजना के लगभग ₹1,700 करोड़ के बकाया सहित कुल लगभग ₹6,066 करोड़ के भुगतान की मांग की जा रही है। इसके साथ ही इस वर्ष ₹3,358 प्रति क्विंटल की दर से धान का भुगतान तथा समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी का कानून बनाने की मांग भी प्रमुख है, जिसका जनता कांग्रेस समर्थन करती है।
उन्होंने कहा किसान दिन-रात मेहनत कर देश और प्रदेश के लिए अन्न पैदा करता है। किसान की मेहनत से बाजार चलता है, परिवारों का चूल्हा जलता है और देश की खाद्य व्यवस्था मजबूत होती है। ऐसे में यदि किसान को उसकी उपज का पूरा और समय पर भुगतान नहीं मिलता, तो यह उसके साथ अन्याय है।
उन्होंने कहा कि दिवाली का पर्व किसानों के लिए भी खुशियों का पर्व होना चाहिए। जिस किसान ने अपने खेत में पसीना बहाकर प्रदेश के लिए अन्न पैदा किया है, उसके घर में भी दीपावली के दीप जलने चाहिए। सरकार को किसानों के बकाया भुगतान को प्राथमिकता देते हुए दिवाली से पहले किसानों की लंबित राशि का भुगतान करना चाहिए।
उन्होंने कहा“किसान केवल वोट देने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था और अन्न व्यवस्था की रीढ़ है। किसान की मेहनत का पैसा रोकना उसके परिवार की खुशियों को रोकना है। सरकार दिवाली से पहले किसानों का बकाया भुगतान करे और उनके हक-अधिकार को सुनिश्चित करे। किसान भुगतान यात्रा अन्नदाता किसानों के सम्मान और अधिकार की यात्रा है, और जनता कांग्रेस किसानों की इस जायज लड़ाई में उनके साथ खड़ी है।”