छत्तीसगढ़ • राजनीति

नवनीत चांद बने जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के उपाध्यक्ष

जल-जंगल-जमीन की लड़ाई लड़ने वाले जुझारू नेता हैं नवनीत चांद

बस्तर की आवाज को मिली बड़ी जिम्मेदारी,.मजबूत होगा JCCJ 2.0

रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के अध्यक्ष अमित जोगी ने बस्तर के जुझारू एवं संघर्षशील नेता नवनीत चांद को पार्टी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। अमित जोगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ के माध्यम से उनकी नियुक्ति की जानकारी देते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी पार्टी के काम को लगातार आगे बढ़ाते रहने का नवनीत चांद का जुझारू जज्बा ही आज JCCJ 2.0 की सबसे बड़ी जरूरत है।

नवनीत चांद लंबे समय से बस्तर क्षेत्र में गरीबों, आदिवासियों और वंचित वर्गों के अधिकारों की आवाज बुलंद करते रहे हैं। विशेष रूप से बस्तर के आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन से जुड़े सवालों को लेकर उन्होंने लगातार संघर्ष किया है। जनहित के मुद्दों पर सड़क से लेकर शासन-प्रशासन तक आवाज उठाने के कारण उनकी पहचान बस्तर के एक सक्रिय और संघर्षशील जननेता के रूप में बनी है।

पार्टी नेतृत्व द्वारा नवनीत चांद को उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने से बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में संगठन को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है। उनके जमीनी अनुभव, संघर्षशील छवि और आदिवासी अंचल से मजबूत जुड़ाव का लाभ पार्टी को मिलेगा तथा JCCJ 2.0 को प्रदेश में मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में खड़ा करने के अभियान को गति मिलेगी।

JCCJ के मुख्य प्रवक्ता अधिवक्ता भगवानू नायक के अनुसार,यह नियुक्ति इस बात का भी संदेश है कि जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) अपने उन कार्यकर्ताओं और नेताओं को आगे बढ़ा रही है, जिन्होंने कठिन समय में भी पार्टी का साथ नहीं छोड़ा और छत्तीसगढ़ के जनहित के मुद्दों को लेकर मैदान में संघर्ष जारी रखा। नवनीत चांद की नियुक्ति पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अब बस्तर के जल-जंगल-जमीन और आदिवासी अधिकारों की आवाज अब पार्टी के प्रदेश नेतृत्व में और मजबूती से गूंजेगी।”

About the author

मीडिया एमपीसीजी