छत्तीसगढ़

रायपुर। भारत विकास परिषद्, छत्तीसगढ़ प्रांत ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा, अनुशासन, संस्कार एवं राष्ट्रभक्ति की भावना का परिचय देते हुए क्षेत्र स्तरीय राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है। मध्य प्रदेश के शहडोल में रविवार, 25 अक्टूबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ सहित छह प्रांतों की टीमों ने भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच छत्तीसगढ़ प्रांत की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए अपनी मजबूत दावेदारी प्रस्तुत की। छत्तीसगढ़ प्रांत की ओर से कृष्णा पब्लिक स्कूल सरोना, रायपुर के विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इन विद्यार्थियों ने अपने सुमधुर स्वर, सामूहिक गायन, सुर-ताल के समन्वय, अनुशासन तथा राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुति के माध्यम से निर्णायकों और जनसमुदाय का मन मोह लिया। इस शानदार सफलता में विद्यालय के मुख्य संगीत शिक्षक पवन भट्ट के निर्देशन में मिथिलेश साहू, राम पटेल एवं भारती साहू का मार्गदर्शन उल्लेखनीय रहा। प्रतियोगिता के दौरान भारत विकास परिषद् छत्तीसगढ़ प्रांत के प्रांत संयोजक (संस्कार) विकास त्यागी एवं भिलाई से क्षेत्रीय संयोजक (संस्कार) अनिल डागा विशेष रूप से सम्मिलित हुए।

गौरतलब है कि इसी विद्यालय की टीम ने गत वर्ष राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर छत्तीसगढ़ प्रांत का गौरव बढ़ाया था। इस वर्ष क्षेत्र स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करना टीम की निरंतर प्रगति, कठिन परिश्रम और उत्कृष्ट तैयारी का प्रमाण है।

विद्यार्थियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर भारत विकास परिषद्, छत्तीसगढ़ प्रांत के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल व प्रांत महासचिव मुरारी काबरा ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों, संगीत शिक्षक पवन भट्ट तथा विद्यालय परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। दोनों पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों के सतत परिश्रम, अनुशासन, समर्पण एवं राष्ट्रभक्ति से प्रेरित प्रस्तुति की सराहना करते हुए उन्हें आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी इसी उत्साह, आत्मविश्वास और उत्कृष्टता के साथ प्रदर्शन करने का आशीर्वाद दिया।

प्रांत अध्यक्ष एवं प्रांत महासचिव ने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ की यह प्रतिभाशाली टीम राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति से प्रदेश का नाम रोशन करेगी।

छत्तीसगढ़ प्रांत की इस उपलब्धि पर विभिन्न सामाजिक वर्गों, शुभचिंतकों एवं भारत विकास परिषद् की प्रांतीय इकाइयों से बधाइयों और शुभकामना संदेशों का सिलसिला जारी है। परिषद् की विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की है। आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी विद्यार्थी अपनी प्रतिभा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना से उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे तथा छत्तीसगढ़ की गौरवशाली उपलब्धियों की शृंखला को आगे बढ़ाएंगे। सुरों में राष्ट्रप्रेम, स्वरों में संस्कार और हृदय में भारत माता के प्रति समर्पण- यही राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता की वास्तविक भावना है।

भारत विकास परिषद् के मुख्य शाखा रायपुर के अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्रा, कोष सचिव ललित गोलानी, सचिव विनीत शर्मा ने स्तरीय राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर कृष्णा पब्लिक स्कूल सरोना, रायपुर के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों एवं संगीत शिक्षक-शिक्षिकाओं को बधाई दी।

कृष्णा पब्लिक स्कूल सरोना की प्राचार्या डॉ. अर्चना मिश्रा, एडिशनल प्रिंसिपल शुभम मिश्रा, एकेडमिक डायरेक्टर अपर्णा त्रिपाठी ने भी राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, संगीत शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं उनके अभिभावकों को बधाई दी।

भारत विकास परिषद् के प्रमुख पदाधिकारियों में प्रकांत काले, अंकित ओझा, प्रताप देवांगन, मनीष दुबे, योगेन्द्र साहू, कमलेश साहू, संस्कार मिश्रा, रणजीत खेलवार, कैलाश चक्रधारी, जानकी वल्लभ पाल, जतिन वर्मा ने राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, संगीत शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं उनके अभिभावकों को बधाई दी।

About the author

मीडिया एमपीसीजी