देश

रोटरी कॉस्मोपॉलिटन के इंटरस्कूल प्रोग्राम ‘शाइन-2026’ की तैयारियां शुरू

80 विद्यालयों के 2,000 विद्यार्थी भाग लेंगे

आज हर वर्ग के बच्चों को मिलेगा मंच

रायपुर। रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मोपॉलिटन द्वारा बच्चों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से इंटर-स्कूल ‘शाइन’ के 25वें संस्करण का आयोजन रविवार, 6 सितंबर को मैक कॉलेज, समता कॉलोनी रायपुर में किया जाएगा। जिसका शुभारंभ प्रात: ठीक 8:00 बजे होगा। रोटरी क्लब आॅफ रायपुर कॉस्मोपॉलिटन के अध्यक्ष सौरभ सोनी व सचिव राहुल फरमानिया ने बताया, इस कार्यक्रम में लगभग 80 विद्यालयों के 2,000 विद्यार्थी भाग लेंगे। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मेधावी एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष छात्रवृत्तियों की घोषणा की जाएगी।

इस आयोजन में रोटरी क्लब आॅफ रायपुर कॉस्मोपॉलिटन के अध्यक्ष सोनी व सचिव फरमानिया समेत प्रोग्राम चेयरमैन दीपक केडिया, धनराज बनर्जी व शुभंकर गुप्ता पूरी आयोजक टीम के साथ सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

‘शाइन’ केवल एक प्रतियोगिता नहीं एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल भी

प्रोग्राम चेयरमैन दीपक केडिया ने बताया, रोटरी क्लब आॅफ रायपुर कॉस्मोपॉलिटन एक सामाजिक सेवा के लिए समर्पित संस्था है, जो वर्षभर समाज के विभिन्न वर्गों के उत्थान के लिए अनेक सेवा गतिविधियां, जनहित के कार्यक्रम करती रही है। ‘शाइन’ का मूल उद्देश्य हर वर्ग और हर स्तर के विद्यालयों के बच्चों को व्यक्तित्व विकास का एक समान मंच प्रदान करना है, जहां शहर के प्रतिष्ठित एवं संसाधन-संपन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ-साथ छोटे विद्यालयों और सीमित संसाधनों वाले परिवारों से आने वाले बच्चों को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने, संवाद और नेतृत्व क्षमता विकसित करने, अपनी छिपी हुई क्षमताओं को पहचानने का समान अवसर मिल सके। इस प्रकार ‘शाइन’ केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर देने की रोटरी क्लब की एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल है। वर्षों से ‘शाइन’ ने छत्तीसगढ़ के सबसे बहुप्रतीक्षित इंटर-स्कूल आयोजनों में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। अब अपने 25वें संस्करण में प्रवेश करते हुए ‘शाइन’ विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों से आगे बढ़कर बौद्धिक जिज्ञासा, रचनात्मकता, संवाद कौशल, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के अवसर प्रदान करने की अपनी परंपरा को गति देने जा रहा है।

रूबिक्स क्यूब, चेस, रॉक द बैंड ड्राइंग जैसीं 12 प्रतियोगिताएं होंगी

‘शाइन-2026’ में विद्यार्थियों की अलग-अलग रुचियों और क्षमताओं को मंच देने के उद्देश्य से 12 विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। जिनमें शाइन टेंक, डिबेट, ग्रुप डिस्कशन, ओपन यूओर माइंड, मैथेमेटिकल एटीट्युड, क्वीज, रूबिक्स क्यूब, चेस, गु्रप डांस, रॉक द बैंड, ड्राइंग और सिक्रेट सुपर स्टार प्रमुख रहेंगी।

4 महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष सत्र भी

इस वर्ष ‘शाइन’ के 25 वें संस्करण को और अधिक खास बनाने के लिए प्रतियोगिताओं के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए 4 विशेष सत्र भी होंगे। जो बालिकाओं के लिए माहवारी स्वास्थ्य जागरूकता, बच्चों के लिए एआई, सीए कॅरियर काउंसलिंग और मानसिक स्वास्थ्य जैसे विषयों पर संचालित किए जाएंगे।

सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यालय को ‘स्कूल आॅफ द स्कूल्स’ अवार्ड

‘शाइन’ की प्रतिस्पर्धात्मक भावना को और अधिक रोमांचक बनाने के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यालय को प्रतिष्ठित ‘स्कूल आॅफ द स्कूल्स’ अवार्ड से नवाजा जाएगा। ‘शाइन-2026’ में भागीदारी पूर्णत: नि:शुल्क है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों एवं शिक्षक-प्रभारियों के लिए भोजन व्यवस्था भी की जाएगी। नि:शुल्क भागीदारी का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक या सामाजिक परिस्थितियां किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी के लिए इस मंच तक पहुंचने में बाधा न बनें। ‘शाइन’ का उद्देश्य बच्चों को ऐसा समावेशी मंच देना है, जहां विद्यालय या आर्थिक पृष्ठभूमि से परे हर विद्यार्थी को अपनी प्रतिभा पहचानने, आत्मविश्वास विकसित करने और अपने व्यक्तित्व को निखारने का समान अवसर मिल सके।

About the author

मीडिया एमपीसीजी