दिव्या मिश्रा ने जीता मिसेज सावन सुंदरी 2026 का खिताब
रायपुर। सामाजिक संस्था नवसृजन मंच महिला विंग द्वारा मिस एवं मिसेज सावन सुंदरी-2026 का भव्य आयोजन किया गया। अंबुजा मॉल में आयोजित इस प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विभिन्न चरणों के बाद कुल 53 प्रतिभागियों का चयन फाइनल राउंड के लिए हुआ।
प्रथम राउंड में प्रतिभागियों ने कैट वॉक के माध्यम से अपने आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व का प्रदर्शन किया। वहीं टैलेंट राउंड में प्रतिभागियों ने सावन एवं बारिश की थीम पर आधारित गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। तीसरे ब्रेन राउंड में निर्णायक मंडल द्वारा विभिन्न प्रश्न पूछे गए और प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास के साथ उनके जवाब दिए। जिसमें अधिकांश प्रश्न सावन, छत्तीसगढ़ की लोककला, लोक संस्कृति एवं परंपराओं से संबंधित रहे। मिस सावन सुंदरी-2026 का खिताब रश्मि साहू ने अपने नाम किया, जबकि भाव्या प्रथम रनर-अप और चंचल वर्मा द्वितीय रनर-अप रहीं। वहीं मिसेज सावन सुंदरी 2026 का खिताब दिव्या मिश्रा ने जीता। शशि साहू प्रथम रनर-अप रहीं।
कार्यक्रम में अतिथि राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, श्रम कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष किशोर महानंद, समाजसेवी धर्मेश कोटक, निर्णायक मण्डल के रूप में आभा मिश्रा, डॉ. प्रीति उपाध्याय, वत्सला जैन, प्रतिभा शर्मा, पूर्व सावन सुंदरी गीतांजलि साहू एवं मनोज खरे विशेष रूप से सम्मिलित हुए। कार्यक्रम संयोजन सचिव मनीषा सिंह, डॉ. प्रीति सतपथी व डॉ. रश्मि चावरे द्वारा किया गया। आयोजन में पदमा शर्मा, डॉ. तृष्णा साहू, कीर्ति ताम्रकार, शकुन, निधि झा, रतनजीत कौर, मैरी, अनामिका, सविता मौर्या एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी और गणमान्यजन उपस्थित रहे।