रायपुर। जिला सहकारी बैंक रायपुर की सीईओ अपेक्षा व्यास का स्थानांतरण प्रशासनिक व्यवस्था के अंतर्गत अपेक्स बैंक मुख्यालय नवा रायपुर किया गया है। उनकी इस बैंक में पदस्थ अवधि के दौरान वर्ष 2024-25 में बैंक को ऐतिहासिक 216 करोड़ का सकल लाभ हुआ। इसी प्रकार वर्ष 2025-26 में भी बैंक ने 216 करोड़ का सकल लाभ अर्जित किया है। उनके नेतृत्व में धान खरीदी वर्ष 2025-26 में बैंक के अधीनस्थ समितियों द्वारा कुल 37,36,666 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया गया, जिसमें समर्थन मूल्य अंतर्गत किसानों को 8854.00 करोड़ एवं कृषक उन्नति योजनांतर्गत 2729.00 करोड़ रुपए, इस प्रकार कुल 11,583.00 करोड़ रुपए का भुगतान इस बैंक के माध्यम से किया गया। बैंक द्वारा प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र की स्थापना प्राथमिक सहकारी समितियों में किया जाकर 12 समितियों द्वारा जन औषधि केन्द्र का संचालन प्रारंभ किया गया। बैंक द्वारा अपने ऋणी कृषकों के लिए सभी प्राथमिक समितियों में माईक्रो ए.टी.एम. उपलब्ध कराया गया, जिसके तहत रूपे डेबिट कार्डधारी कृषक सदस्यों द्वारा 01 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 तक की अवधि में माईक्रो ए.टी.एम. के माध्यम से कुल 74,279 सदस्यों के द्वारा कुल राशि 66.61 करोड़ रू. का लेन-देन किया गया, जो प्रदेश में सर्वाधिक रहा है। समितियों के कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, आधार, पैन कार्ड, ड्राईविंग लायसेंस, बिजली बिल का भुगतान, ट्रेन, एयर टिकिट, होटल बुकिंग आदि अनेक प्रकार की सुविधाएं ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों में उपलब्ध कराये जा रहे हैं। जिसके तहत 257 लाख का लेन-देन किया गया। उनके कार्यकाल में बैंक की कार्यशील पूंजी 31 मार्च 2026 में 8600.00 करोड़ से भी अधिक रही है। वहीं 31 मार्च 2026 की स्थिति में बैंक की कुल जमा अमानतें 6971.00 करोड़ रुपए से अधिक रही। इस वर्ष बैंक ने 2200 करोड़ रुपए का अल्पकालीन ऋण वितरण किया है, जो प्रदेश में सर्वाधिक रहा।