कोलंबिया ग्लोबल के वार्षिकोत्सव ‘गूँज’ में साकार हुआ एक बेहतर दुनिया का सपना
रायपुर। कोलंबिया ग्लोबल स्कूल में शनिवार को वार्षिकोत्सव ‘गूँज’ का भव्य आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। इस वर्ष समारोह की थीम ‘द वर्ल्ड वी वांट टू ग्रो अप इन’ (वह दुनिया जिसमें हम बड़े होना चाहते हैं) रखी गई। विद्यार्थियों ने अपनी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से एक ऐसे आदर्श विश्व की परिकल्पना प्रस्तुत की, जहां प्रेम, शांति, समानता, न्याय, संवेदना और मानवता का स्वप्न साकार हो।
कार्यक्रम की शुरुआत एक प्रभावशाली एक्ट से हुई, जिसमें वर्तमान दुनिया की वास्तविकताओं और आने वाली पीढ़ी के सपनों के बीच के अंतर को दर्शाया गया। इसके पश्चात् विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज के महत्वपूर्ण पहलुओं और समकालीन चुनौतियों को मंच पर जीवंत किया गया।
पारिवारिक जीवन पर आधारित प्रस्तुति में आधुनिक जीवनशैली के बीच परिवार के सदस्यों के लिए समय निकालने, आपसी रिश्तों को समझने और भावनात्मक जुड़ाव बनाए रखने का संदेश दिया गया। वहीं नेचर कंजर्वेशन एवं हैल्थ पर आधारित प्रस्तुति ने पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और स्वस्थ जीवनशैली की आवश्यकता को रेखांकित किया। वहीं योग की प्रस्तुति ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का संदेश दिया।
शिक्षा के एक गंभीर पक्ष को भी मंच पर प्रस्तुत किया गया, जहां यह दर्शाया गया कि आज की शिक्षा व्यवस्था किस प्रकार परीक्षा-केंद्रित होती जा रही है। बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता, व्यावहारिक ज्ञान और जीवन कौशल की अपेक्षा अंकों एवं परीक्षा परिणामों को अधिक महत्व दिया जा रहा है और वहीं पेपर लीक और भ्रष्टाचार पर आधारित प्रस्तुतियों ने वर्तमान व्यवस्था की गंभीर चुनौतियों को उजागर करते हुए ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों की आवश्यकता पर बल दिया।
युद्ध पर आधारित प्रस्तुति ने विश्व में व्याप्त संघर्ष और उनके मानवीय प्रभावों को मार्मिक रूप से प्रस्तुत किया। इसके माध्यम से शांति, सद्भाव और आपसी समझ का संदेश दिया गया। सिम्पैथी और ह्यूमैनिटी पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों को यह एहसास कराया कि एक बेहतर समाज का निर्माण केवल विकास से नहीं, बल्कि दूसरों के प्रति संवेदनशीलता, करुणा और सहयोग की भावना से संभव है।
मानवता को समर्पित गीत ने पूरे वातावरण को भावनात्मक बना दिया और सभी को एक शांतिपूर्ण एवं प्रेमपूर्ण विश्व के निर्माण का संदेश दिया। समारोह का समापन ऊर्जावान एवं उत्साहपूर्ण भांगड़ा प्रस्तुति के साथ हुआ, जिसने पूरे वातावरण को उमंग और उल्लास से भर दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के डायरेक्टर रविंदर सिंह हूरा, प्राचार्य आइवन स्मिथ, प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों, आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामूहिक प्रयासों ने समारोह को यादगार बना दिया।
शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं विद्यार्थियों की मेहनत से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस वार्षिकोत्सव ने एक सार्थकसंदेश दिया कि ‘हम आने वाली पीढ़ी को केवल एक बेहतर दुनिया देने का सपना न देखें, बल्किउन्हें उस बेहतर दुनिया के निर्माण के योग्य भी बनाएं।’