सरदार वल्लभभाई पटेल की 191वीं जयंती पर भव्य आयोजन
रायपुर। छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज द्वारा केंद्रीय कार्यालय, नरदहा रायपुर में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर भव्य समारोह आयोजित गया। इस अवसर पर नवनिर्मित सभाकक्ष व सामुदायिक भवन के लोकार्पण सहित नवीन प्रस्तावित भवन का भूमिपूजन भी किया गया।
केंद्रीय महामंत्री यशवंत सिंह वर्मा ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता समाज के केंद्रीय अध्यक्ष खोडस राम कश्यप ने की। विशिष्ट अतिथि रूप में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब व केबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा विशेष रूप से सम्मिलित हुए।
समारोह का एक प्रमुख आकर्षण समाज द्वारा संचालित डॉ. खूबचंद बघेल शिक्षण समिति के अंतर्गत संचालित स्वामी आत्मानंद विद्यापीठ के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। विद्यार्थियों ने दिनभर विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम ने उपस्थित अतिथियों एवं समाजजनों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर अपने उद्बोधन में केंद्रीय अध्यक्ष खोडस राम कश्यप समाज की गतिविधि एवं समाज सुधार एवं विकास में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया गया। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सरदार पटेल के कार्यों का उल्लेख करते हुए सामुदायिक भवन की अधो संरचना एवं विकास के लिए 40 लाख रुपए देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने कुर्मी भवन पचेडा के शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपए प्रदान करने की भी घोषणा की। सांसद लक्ष्मी वर्माने भी भवन निर्माण एवं सामाजिक विकास के लिए 10 लाख रुपए स्वीकृत करने की घोषणा की।

इस अवसर पर मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि वे केवल घोषणाओं में विश्वास नहीं करते, बल्कि समाज द्वारा प्रस्तुत वास्तविक मांगों एवं आवश्यकताओं के अनुरूप कार्य करने में विश्वास रखते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि समाज द्वारा रखी गई मांगों पर यथासंभव सीधे राशि जारी कराकर विकास कार्यों को गति दी जाएगी।
समारोह में समाज के केंद्रीय पदाधिकारियों समेत सभी राजप्रधान जिला व क्षेत्रीय पदाधिकारी, विभिन्न सामाजिक इकाइयों के प्रतिनिधि, शिक्षाविद्, गणमान्यजन, मातृशक्तियां, युवा एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सामाजिक समरसता के आदर्शों का स्मरण करते हुए समाज के शैक्षणिक, सामाजिक व संगठनात्मक विकास को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का समापन केंद्रीय उपाध्यक्ष आर.सी. वर्मा के आभार प्रदर्शन से हुआ।




