छत्तीसगढ़ • रायपुर • शिक्षा

वरिष्ठ व्याख्याता वाणिज्य राघवेंद्र मोहन मिश्रा की सेवानिवृत्ति पर दी गई भावभीनी विदाई

गरिमामय वातावरण में छात्रसंघ ने ग्रहण की शपथ

रायपुर। प्रो. जे. एन. पांडेय स्वामी आत्मानंद हिंदी उत्कृष्ट शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रायपुर में दिनांक 31 अक्टूबर को छात्रसंघ शपथ ग्रहण एवं सेवानिवृत्ति विदाई सम्मान समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

 विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सुचिता पांडेय एवं संस्था के पूर्व सेवानिवृत्त प्राचार्य जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद एम आर सावंत की उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुआ। इसके पश्चात प्राचार्य श्रीमती सुचिता पांडेय ने विद्यालय के नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर छात्रसंघ के पदाधिकारियों ने विद्यालय की गरिमा, अनुशासन, विद्यार्थियों के हितों तथा शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए निष्ठापूर्वक कार्य करने का संकल्प लिया।

विशेष अतिथि एम आर सावंत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्रसंघ विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सहयोग एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ व्याख्याता वाणिज्य राघवेंद्र मोहन मिश्रा के सेवानिवृत्ति अवसर पर भावभीनी विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय परिवार ने उनके दीर्घकालीन शैक्षणिक योगदान, कर्तव्यनिष्ठा, विद्यार्थियों के प्रति समर्पण एवं उल्लेखनीय सेवाओं का स्मरण करते हुए उनका सम्मान किया। वक्ताओं ने उनके स्वस्थ, सुखमय एवं आनंदमय सेवानिवृत्त जीवन की मंगलकामना की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं प्राचार्य श्रीमती सुचिता पांडेय ने सभी अतिथियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्रसंघ पदाधिकारियों एवं आयोजन में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष सहयोग करने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ विद्यालय की गतिविधियों में सकारात्मक नेतृत्व प्रदान करेगा तथा सेवानिवृत्त हो रहे राघवेंद्र मोहन मिश्रा का योगदान सदैव विद्यालय परिवार के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

समारोह में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों, छात्रसंघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम उत्साह, आत्मीयता एवं गरिमामय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

About the author

मीडिया एमपीसीजी