अध्यात्म • धर्म • रायपुर

मुनि आगम सागर का अमलतास दिगंबर जैन मंदिर कचना में पदार्पण

रायपुर। आचार्यश्री विद्यासागर महाराज के सुशिष्य एवं वर्तमान आचार्य समयसागर महाराज के आज्ञानुवर्ती मुनिश्री आगम सागर महाराज का शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को कचना स्थित अमलतास कैसल के मुनि सुब्रतनाथ दिगंबर जैन मंदिर में ससंघ मंगल आगमन हुआ। उनके साथ ऐलकश्री स्वागत सागर महाराज भी यहां पहुंचे। मंदिर समिति के अध्यक्ष हिमांशु जैन ने जानकारी देते हुए बताया, मुनि आगम सागर महाराज ससंघ वर्तमान में रायपुर के दिगंबर जैन बड़ा मंदिर, मालवीय रोड में चातुर्मास कर रहे हैं। इसी क्रम में नगर के विभिन्न दिगंबर जैन जिनालयों के दर्शन एवं मंगल विहार करते हुए मुनि संघ चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर, शंकर नगर से पदविहार कर अमलतास कैसल स्थित मुनि सुब्रतनाथ दिगंबर जैन मंदिर पहुंचा। मुनि संघ के मंगल आगमन से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं भक्तिमय उल्लास देखने को मिला। इस पावन प्रसंग पर भगवान श्रीजी को पांडुक शिला पर विराजमान कर मुनि आगम सागर महाराज की वाणी से अभिषेक एवं वृहद शांतिधारा का विधिवत आयोजन संपन्न हुआ।

About the author

मीडिया एमपीसीजी