देश

राज्य स्तरीय गतका प्रतियोगिता में रायपुर ओवरआल चैंपियन

0 उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा- गतका के विकास के लिए सरकार देगी हरसंभव सहयोग
छत्तीसगढ़ के 16 जिलों से लगभग 357 महिला व पुरुष खिलाड़ी, कोच और मैनेजर शामिल हुए।

रायपुर। माता सुंदरी पब्लिक स्कूल में द गतका एसोसिएशन आॅफ छत्तीसगढ़ के तत्वावधान एवं गतका फेडरेशन आॅफ इंडिया की संबद्धता में आयोजित तृतीय सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर गतका राज्य स्तरीय प्रतियोगिता-2026 का पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
इस मौके पर मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा, गतका केवल एक खेल नहीं है, बल्कि यह साहस, आत्मविश्वास, अनुशासन और हमारी गौरवशाली परंपरा से जुड़ा हुआ है। जीवन में जीत से ज्यादा महत्वपूर्ण मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में गतका खेल को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार हर संभव सहयोग करेगी। प्रदेश के सभी जिलों में गतका के खिलाड़ी तैयार हों, इसके लिए पर्याप्त प्रशिक्षण व्यवस्था विकसित करने, प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने और प्रशिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में राज्य सरकार ध्यान देगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में गतका खेल को मान्यता मिले और विश्वविद्यालय स्तर पर खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध हों, इस दिशा में भी आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम में अमरजीत सिंह छाबड़ा, चेयरमैन- द गतका एसोसिएशन आॅफ छत्तीसगढ़, सरदार जोरावर सिंह सदस्य- भारतीय गतका संघ सहित सिक्ख समाज के वरिष्ठ बलदेव सिंह भाटिया, द गतका एसोसिएशन आॅफ छत्तीसगढ़ की अध्यक्ष सिमरन सिंह, सचिव ख्वाजा अहमद, वरिष्ठजन जगजीत सिंह खनूजा, जी.एस. भामरा, राजवंत सिंह गरेवाल, अमरजीत दुआ, बलदेव सिंह भूई सहित अनेक गणमान्यजन सम्मिलित हुए।

दो दिवसीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 16 जिलों से लगभग 357 महिला व पुरुष खिलाड़ी, कोच और मैनेजर शामिल हुए। प्रतियोगिता की ओवरआॅल चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग में रायपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। बिलासपुर द्वितीय और मुंगेली तृतीय स्थान पर रहा। वहीं बालिका वर्ग में मुंगेली को प्रथम, बलौदाबाजार को द्वितीय व महासमुंद को तृतीय स्थान मिला। विजेता व उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा पदक, पुरस्कार व प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

About the author

मीडिया एमपीसीजी