रायपुर। शिवानी स्मृति सेवा संस्थान द्वारा विमतारा भवन में ‘शिक्षादीप सम्मान समारोह’ का आयोजन कर एक सौ साठ गुरुजनों का सम्मान किया गया। वहीं शिक्षा के विविध आयामों में सक्रिय प्रबुद्ध जनों को भी सम्मान दिया गया। इसमें न केवल स्कूल व कॉलेज के अध्यापकों का सम्मान हुआ अपितु विविध विधाओं में विद्यार्थियों को प्रशिक्षित करने वाले अन्य शिक्षकों को भी नवाजा गया। साथ ही कॅरियर काउंसलर, पेरेंटिंग कोच, प्रतियोगी परीक्षाओं के कोच भी सम्मानित हुए।
समारोह के मुख्य अतिथि केपीएस ग्रुप के कार्यकारी निदेशक आशुतोष त्रिपाठी, कार्यक्रम अध्यक्ष रंजन बेन शाह, विशिष्ट अतिथि कर्नल जे.एस. कक्कड़ व छग प्रायवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव गुप्ता सम्मिलित हुए। अतिथियों ने अपने संबोधन में इस बात पर जोर दिया कि विद्यार्थियों के लिए शिक्षक के मन में हमेशा समभाव होना चाहिए। विद्यार्थियों को इस बात की शिक्षा दी जाए कि वे आपस में किसी भी प्रकार के भेदभाव को बढ़ावा ना दें। इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष मुकेश शाह ने आयोजन की भूमिका रख स्वागत भाषण दिया।
समारोह में कराते गुरु अजय साहू सम्मानित किए गए जो नगर निगम के पार्षद हैं तथा पिछले 40 वर्षों से कराते का प्रशिक्षण दे रहे हैं तथा पार्षद बनने के बाद भी उनके द्वारा प्रशिक्षण देना जारी है। इसके अलावा कॅरियर काउंसलर वर्षा वरवंडकर व हर्षदा टिचकुले, संगीत गुरु दीपक व्यास, तबला गुरु अशोक कुर्म, कत्थक नृत्य गुरु तरुण कुर्म, फैशन डिजाइनिंग गुरु परविंदर कौर, वकालत गुरु डॉ.देवा देवांगन, योग गुरू नीतू मूंधड़ा, ललित कला प्रशिक्षक मीनाक्षी दुबे, संगीत के जरिए गणित को आसान बनाने वाली शिक्षिका मीनाक्षी केशरवानी, म्यूरल आर्ट प्रशिक्षक अजय पोतदार, सिलाई प्रशिक्षक निशा समदुरकर, कॉलेज में विद्यार्थियों के शिक्षा प्रदाताएं जया सिंह, डॉ.स्मृति अग्रवाल व रिचा ठाकुर समेत कोचिंग के शिक्षाविदों नीति सिंह यदुवंशी, मोती जैन, डॉ.कविता कुम्भज, अभिषेक खंडेलवाल, नंदकिशोर, हीमल पांडेय समेत नलिनी जैन, उन्नति शुक्ला, विशाखा तोपखानेवाले, अपूर्वा कुचनवार, संगीता पारेख, कृति शाह, साक्षी अग्रवाल, अंजलि मूंधड़ा, मधु साहू, नीलिमा बेनर्जी आदि को सम्मानित किया गया।
साईन लैंग्वेज शिक्षिकाएं गण रुमा राय, कामिनी खरे, गरिमा हरिहरनो, करिश्मा शांगोड़े भी सम्मानित किए गए। कार्यक्रम का संचालन रचना सोनी व अंकिता जैन ने और आभार प्रदर्शन संस्थान के सचिव राजेश शाह ने किया।



