देश

तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने नव प्रवेशित विद्यार्थियों का किया मार्गदर्शन

तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने नव प्रवेशित विद्यार्थियों का किया मार्गदर्शन

स्टूडेंट इंडक्शन प्रोग्राम में कौशल विकास एवं नवाचार पर दिया विशेष बल

रायपुर, 8 अगस्त 2026। अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शासकीय कन्या पॉलिटेक्निक, रायपुर एवं शासकीय सह शिक्षा पॉलिटेक्निक, रायपुर के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित स्टूडेंट इंडक्शन प्रोग्राम के अंतर्गत शनिवार को विशेष प्रेरणादायी सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शासकीय कन्या पॉलिटेक्निक, रायपुर की प्राचार्य डॉ. वर्षा चौरसिया एवं शासकीय सह शिक्षा पॉलिटेक्निक, रायपुर के प्राचार्य डॉ. एस. के. सिंह के संयुक्त मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में माननीय तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। डॉ. अभित्ताब दुबे, अतिरिक्त संचालक, तकनीकी शिक्षा संचालनालय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ तथा अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।

स्वागत उद्बोधन देते हुए डॉ. एस. के. सिंह ने एआईसीटीई द्वारा निर्धारित स्टूडेंट इंडक्शन प्रोग्राम की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम नवप्रवेशित विद्यार्थियों को संस्थान के शैक्षणिक वातावरण, तकनीकी शिक्षा की कार्यप्रणाली, अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं व्यावसायिक संस्कृति से परिचित कराने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, जिससे वे अपने शैक्षणिक जीवन की सफल शुरुआत कर सकें।

डॉ. वर्षा चौरसिया ने संस्थान में संचालित विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों की जानकारी देते हुए नव प्रवेशित विद्यार्थियों को कौशल विकास, नवाचार एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने संस्थान की उल्लेखनीय उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि संस्था, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा के लिए संस्थान निरंतर प्रयासरत है।

विशिष्ट अतिथि डॉ. अभिताभ दुबे, अतिरिक्त संचालक, तकनीकी शिक्षा संचालनालय ने नव प्रवेशित विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर सीखने, नई तकनीकों को अपनाने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ तकनीकी शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थी अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकते हैं।

मुख्य अतिथि तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने अपने उ‌द्बोधन में विद्यार्थियों से कहा कि वे पढ़ाई के साथ साथ कौशल विकास पर भी विशेष ध्यान दें, क्योंकि वर्तमान समय में उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप दक्षता ही सफलता का आधार है। उन्होंने राज्य शासन द्वारा आई-हब (I-Hub), स्टार्टअप एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से इनका लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि आगामी शैक्षणिक सत्र से पॉलिटेक्निक संस्थानों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से संबंधित पाठ्यक्रम प्रारंभ करने के लिए शासन प्रयासरत है। उन्होंने राज्य की नई औद्योगिक नीति की जानकारी देते हुए कहा कि इससे युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। साथ ही उन्होंने प्रदेश के पॉलिटेक्निक संस्थानों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडल संस्थानों के रूप में विकसित करने की राज्य शासन की प्रतिबद्धता दोहराई।

स्टूडेंट इंडक्शन प्रोग्राम के अंतर्गत नवप्रवेशित विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता, संस्थागत संस्कृति, व्यक्तित्व विकास, नैतिक मूल्यों, नवाचार, कौशल विकास, उद्यमिता एवं रोजगारोन्मुखी अवसरों से परिचित कराया जा रहा है। यह कार्यक्रम 1 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में दोनों संस्थानों के प्राध्यापकगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशित विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती ममता देवांगन एवं श्रीमती तुलजा ज्योति भूआर्य द्वारा किया गया तथा अंत में श्रीमती सावित्री रानी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

About the author

मीडिया एमपीसीजी