रायपुर(27.01.23)– राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर में आजादी के 76 साल पूरे होने के उपलक्ष में “आजादी का अमृत महोत्सव” के तहत संस्थान में 26 जनवरी 2023 को 74वां गणतंत्र दिवस मनाया गया। 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू होने के साथ ही भारत को पूर्ण गणराज्य घोषित किया गया था।
संस्थान की परंपरा के अनुसार, सर्वप्रथम निदेशक (प्रभारी) डॉ. ए. बी. सोनी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, जिसके बाद टीम रागा द्वारा राष्ट्रगान किया गया। इसके बाद एनसीसी के कैडेट्स ने परेड प्रदर्शन के साथ संविधान को सलामी दी। इसके बाद निदेशक महोदया ने संस्थान के सभी अध्यापकों, छात्रों और दर्शकों को संबोधित किया और सभी को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। उन्होंने संस्थान के विजन 2030 के बारे में बताया और संस्थान की एनआईआरएफ रैंकिंग का भी जिक्र किया। उन्होंने संस्थान के “डिस्ट्रिक्ट ग्रीन चैंपियन “ होने के बारे में बताया और कोविड-19 महामारी के दौरान संस्थान के योगदान के कारण मिले “शिक्षा सम्मान” के बारे में भी बताया।
इसके बाद संस्थान की खेल समिति टीम शौर्य द्वारा आयोजित खेल महोत्सव “समर” के उद्घाटन समारोह का आयोजन ई-हॉल में किया गया। “समर” मध्य भारत का सबसे बड़ा खेल महोत्सव है, जिसके अंतर्गत विभिन्न-विभिन्न खेल प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। समर के उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि संस्थान की निदेशक (प्रभारी) डॉ. ए. बी. सोनी और विशिष्ठ अतिथि डीन (एकेडेमिक्स) डॉ. श्रीश वर्मा एवं डीन (स्टूडेंट और फैकल्टी वेलफेयर) डॉ. पी. वाय. ढेकने थे। उद्घाटन समारोह की शुरुआत टीम शौर्य के प्रोफेसर-इन-चार्ज डॉ. राजेश डोरिया की स्वागत स्पीच के साथ हुई, जिसमें उन्होंने मुख्य अतिथि और सम्मानित अतिथिगणों का स्वागत किया। इसके बाद डॉ. पी. वाय. ढेकने ने सभी दर्शकों को संबोधित किया और 74वे गणतंत्र दिवस की बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थी जीवन में खेल के महत्व को बताया और खेल एवं टीम भावना के बारे में भी बताया। उन्होंने टीम शौर्य को ‘समर’ के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दी। इसके बाद डॉ. श्रीश वर्मा ने सभी दर्शकों को संबोधित किया और 74वे गणतंत्र दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीतने के लिए ही नहीं बल्कि अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए है। इसके बाद मुख्य अतिथि संस्थान की निदेशक महोदया ने टीम शौर्य, टीम शौर्य के प्रोफ़ेसर-इन-चार्ज और खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी और जीवन में खेल के महत्व को बताया। इसके बाद टीम शौर्य के परेड प्रदर्शन के साथ ही मध्य भारत के सबसे बड़े खेल महोत्सव समर का आगाज किया गया।
इसके बाद संस्थान के संस्कृति क्लब द्वारा विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई और उपस्थित दर्शकों में देशप्रेम की भावना का संचार किया 
समर संस्थान का वार्षिक चार दिवसीय खेल महोत्सव है, जिसमें संस्थान के ही नहीं, पूरे छत्तीसगढ़ के छात्र अपनी रुचि के अनुसार भाग ले सकते है और विश्व को अपना हुनर बता सकते है। कोरोना महामारी के कारण तीन वर्षों बाद संस्थान में 26 जनवरी 2023 से 29 जनवरी 2023 तक समर का आयोजन किया जा रहा है।
चार दिवसीय खेल महोत्सव समर में 26 जनवरी एवं 27 जनवरी को सभी खेलों के लीग स्टेज मुकाबलों का आयोजन किया जायेगा और 28 जनवरी को सेमी-फाइनल एवं 29 जनवरी को फाइनल मुकाबलों का आयोजन किया जायेगा। सभी खेलों के विजेताओं को टीम समर द्वारा पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा।

