रायपुर। केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) एवं ईपीएफओ मुख्यालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ), क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर द्वारा 26 अक्टूबर से 01 नवंबर तक ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ (प्रोबिटी फॉर प्रास्पेरिटी) विषय पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में जनजागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को भारतीय विद्या भवन के आर.के. सारडा विद्या मंदिर, सड्डू-बरौंडा, रायपुर में ‘विचार अभिव्यक्ति प्रतियोगिता’ हुई। प्रात: 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चली इस प्रतियोगिता में विद्यालय के लगभग 40 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए तथा सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी, नैतिक मूल्यों, पारदर्शिता और कर्तव्यनिष्ठा के महत्व को रेखांकित किया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनके जीवन में सत्यनिष्ठा और ईमानदारी के मूल्यों को प्रोत्साहित करना रहा।
इस अवसर पर कर्मचारी भविष्य निधि संगठन , क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर की ओर से सिद्धार्थ शुक्ला लेखा अधिकारी एवं फिरोज सूर्यवंशी वरिष्ठ सामाजिक सुरक्षा सहायक उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य दविंदर सिंह की उपस्थिति में प्रतियोगिता के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। अन्य सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप पेन एवं सहभागिता प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य एवं शिक्षकों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान किया। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर ने विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से कर्मचारी भविष्य निधि संगठन द्वारा विद्यार्थियों एवं आमजन में सतर्कता, पारदर्शिता, ईमानदारी और नैतिक आचरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। सत्यनिष्ठा न केवल भ्रष्टाचार-मुक्त समाज की आधारशिला है, बल्कि समृद्ध एवं विकसित राष्ट्र के निर्माण का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।