छत्तीसगढ़ • शिक्षा

रोजगार व उद्यमिता की संभावनाओं से अवगत हुए विद्यार्थी

श्रीबालाजी दिशा कॉलेज में कॅरियर गाइडेंस व उद्यमिता पर सेमिनार

रायपुर। श्री बालाजी दिशा कॉलेज, रायपुर के कॅरियर गाइडेंस एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं रोजगारपरक कौशल विकास के उद्देश्य से ‘कॅरियर विकल्प मार्गदर्शन एवं उद्यमिता’ विषय पर एक विशेष सेमिनार आयोजित किया गया। इस मौके पर मुख्य वक्ता, हरिमन आईटी कंसल्टिंग एलएलपी नोएडा दिल्ली के डायरेक्टर नवीन नायक ने विद्यार्थियों को उपलब्ध विभिन्न कॅरियर विकल्पों, आईटी क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं, स्वरोजगार तथा उद्यमिता के अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल शैक्षणिक योग्यता पर्याप्त नहीं है, बल्कि तकनीकी ज्ञान, व्यावहारिक कौशल, रचनात्मक सोच एवं आत्मविश्वास भी सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि व क्षमता के अनुरूप कॅरियर का चयन करने तथा नौकरी प्राप्त करने के साथ-साथ स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ करने भी प्रेरित किया।

रोजगार सृजित करने वाला बनने किया प्रोत्साहित

प्राचार्य डॉ. ए.के. तिवारी ने कहा, वर्तमान समय में कॅरियर के अवसर तेजी से बदल रहे हैं। विद्यार्थियों को पारंपरिक कॅरियर विकल्पों के साथ-साथ नए तकनीकी क्षेत्रों एवं उद्यमिता की संभावनाओं के प्रति भी जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में कुछ विशेष प्रतिभा व क्षमता होती है, जिसे सही मार्गदर्शन, निरंतर प्रयास और सकारात्मक दृष्टिकोण के माध्यम से सफलता में परिवर्तित किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने, नवाचार को अपनाने तथा रोजगार मांगने वाले के बजाय रोजगार सृजित करने वाला बनने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा कॅरियर व उद्यमिता से संबंधित अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य के कॅरियर अवसरों से परिचित कराना, उनमें उद्यमशीलता की भावना विकसित करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं रोजगार के योग्य बनाना रहा।

About the author

मीडिया एमपीसीजी