मनोहर गौशाला के रायपुर कार्यालय पहुंचे अशोक झुनझुनवाला, गौ-संवर्धन और प्राकृतिक खेती के प्रयासों की ली जानकारी
रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी) अशोक झुनझुनवाला शुक्रवार को मनोहर गौशाला के रायपुर स्थित मुख्य कार्यालय पहुंचे। उन्होंने ट्रस्टी डॉ. अखिल जैन से गौशाला की ओर से संचालित गौसेवा, जीवदया, गौ-संवर्धन और जैविक कृषि प्रोत्साहन से जुड़े कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान उन्हें गौवंश के संरक्षण और किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया गया। गौशाला के प्रतिनिधियों ने उन्हें गौसेवा और अनुसंधान से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी। साथ ही गौवंश के संरक्षण, संवर्धन और जैविक कृषि को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में बताया। अखिल जैन ने झुनझुनवाला को गौसेवा और अनुसंधान के अनुभवों पर आधारित पुस्तक ‘गाय एक अनुसंधान’ भेंट कर मनोहर गौशाला परिवार की ओर से उनके आगमन पर आभार जताया। संस्थापक जैन ने बताया कि गौसेवा, जीवदया, किसान कल्याण और प्रकृति संरक्षण के माध्यम से समाज की सेवा करना उसका प्रमुख उद्देश्य है।