योगा

मोबाइल के सीमित उपयोग के साथ बच्चों, युवाओं को शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक एकाग्रता और संवाद कौशल से जोड़ने की पहल

 कलाकेंद्र, जिला प्रशासन रायपुर में ‘डिस्कनेक्ट टू रिकनेक्ट’ कार्यक्रम 

रायपुर। मोबाइल और डिजिटल दुनिया पर बढ़ती निर्भरता के बीच बच्चों, युवाओं एवं महिलाओं को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नवरात्रि के प्रथम दिन रविवार को कलाकेंद्र, जिला प्रशासन रायपुर में ‘डिस्कनेक्ट टू रिकनेक्ट’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें समता कॉलोनी, डीडीयू नगर, चौबे कॉलोनी, कोटा और डंगनिया सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लिया।

सेवा संकल्प अभियान की भावना से प्रेरित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पार्षद आनंद अग्रवाल उपस्थित रहे। राष्ट्रीय योग प्रशिक्षक नुरेंद्र, राष्ट्रीय रोप स्किपिंग एवं फिटनेस प्रशिक्षक वासुदेव पटेल एवं देवाशीष पटेल, राष्ट्रीय कुश्ती प्रशिक्षक दुष्यंत यादव और कलाकेंद्र संचालक राहुल ठाकुर सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता खिलाड़ियों ने योग, रोप स्किपिंग और पारंपरिक अखाड़ा व्यायाम का प्रदर्शन किया। प्रशिक्षकों ने शारीरिक फिटनेस, मानसिक एकाग्रता, लचीलेपन, पर्याप्त नींद और स्वस्थ जीवनशैली में योग एवं व्यायाम के महत्व को बताया।

‘डिस्कनेक्ट टू रिकनेक्ट’ का संदेश है कि मोबाइल का संतुलित उपयोग करते हुए खेल, योग, परिवार और सामाजिक संवाद के लिए समय निकालें। इसका उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देना है।

कलाकेंद्र, जिला प्रशासन रायपुर में नियमित कक्षाएं 

कार्यक्रम को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए कलाकेंद्र, रायपुर में बच्चों, युवाओं एवं महिलाओं के लिए नियमित कक्षाएं संचालित करने की योजना है। इनमें प्रमाणित प्रशिक्षकों और राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में योग, रोप स्किपिंग, शारीरिक एवं मानसिक फिटनेस, पारंपरिक व्यायाम, एकाग्रता और संवाद कौशल के विकास पर ध्यान दिया जाएगा।नियमित कक्षाओं के लिए 96910 89122 या 79995 61649 पर संपर्क कर सकते हैं ।

About the author

मीडिया एमपीसीजी