योगा

योगाभ्यास, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा देवेंद्रनगर

भारतीय योग संस्थान ने मनाया 60वां योग दिवस

रायपुर। भारतीय योग संस्थान रायपुर द्वारा शुक्रवार को 60वां योग दिवस समारोह उत्साहपूर्वक मनाया गया। गुजराती स्कूल, देवेंद्रनगर मैदान में प्रात: 5.45 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न केन्द्रों के सैकड़ों साधकों ने भाग लिया। जिसका शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, गायत्री मंत्र, शंखनाद, भजन, योग गीत व नवरात्र गीत पर सूक्ष्म क्रिया से हुआ।

सामूहिक योगाभ्यास में शिव सार्इं हनुमान केंद्र, वृंदावन गार्डन आवंति विहार, के.आर. साहू, सविता मिश्रा, गायत्री अग्रवाल, वंदना आहूजा, नीलम नावलानी, पिंकी जैन, सुदेशना मेने आदि साधकों ने मक्खन निकालना, तिर्यक ताड़ासन, अर्द्धचक्रासन, कोणासन, उष्ट्रासन, धनुरासन सहित विभिन्न आसनों का सुंदर प्रदर्शन किया। लक्ष्मी, तनुश्री, अनीता साहू ने आसन प्रदर्शन में विशेष सहयोग दिया।

इसके पश्चात कपालभाति, भस्त्रिका, भ्रामरी, ध्यान एवं शांतिपाठ का अभ्यास वरिष्ठ योग प्रशिक्षक व गुरु राजेश अग्रवाल, राजेश डागा व मुकेश सोनी द्वारा कराया गया। डब्ल्यूआरएस कॉलोनी एवं कटोरा तालाब केंद्र-1-2 के साधकों द्वारा थीम पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। मंच संचालन जयेश पटेल, पूजा खंडेलवाल ने किया। मंच समन्वयक किरण प्रसाद व रिया फतनानी रहीं। अंत में राष्ट्रगान एवं स्वल्पाहार वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

About the author

मीडिया एमपीसीजी