रायपुर(27.11.22)- राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर 2 से 3 दिसंबर, 2022 तक ई-समिट सम्मेलन’22 का आयोजन करेगा। एनआईटी रायपुर का उद्यमिता सेल (ई-सेल) सालाना ई-समिट सम्मेलन आयोजित करता है, जिसका उद्देश्य युवा उद्यमियों को अपने विचार प्रस्तुत करने और उन्हें व्यापार की दुनिया में स्थापित करने के लिए एक मंच प्रदान करना होता है।
ई-समिट’22 में ‘इग्निशन’, बिजनेस मॉडल प्रतियोगिता,जैसे विभिन्न प्रकार के उद्यमशील कार्यक्रम होंगे, जो सभी उद्यमियों और निवेशकों के बीच एक सीधा चैनल बनाकर उनके विचारों को जोड़ेगी।
‘ उत्कृष्ठ’, एक ऐसा आयोजन है जहां ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के उदार उद्यमी जिन्होंने समाज की भलाई के लिए बहुत काम किया है, उनको अपने अभिनव विचारों को प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। ‘सात्विको’ के सह-संस्थापक धवल फड़के सात्विको और ‘मनीथी’ की संस्थापक प्रीति रामदास इस कार्यक्रम की अतिथि वक्ता हैं।
‘एन्ट्रॉपी’ एक ऐसा आयोजन है, जिसका उद्देश्य युवा उद्यमियों को उन सर्वश्रेष्ठ लोगों से सीधे सलाह दिलवाना है, जिन्हें उद्यमिता की बाधाओं का पूर्व अनुभव है। इस कार्यक्रम के अतिथि वक्ता फिनोलॉजी के सीईओ प्रांजल कामरा, द अननॉन्स.ए आइ की संस्थापक कुनिका सिंह राठौर और जोश टॉक्स के बड़े भैया और कंटेंट क्रिएशन एजुकेटर मनीष पांडे होंगे।
एक स्टार्टअप कैंप, ‘स्टार्टअप एक्सपो’ जहां छत्तीसगढ़ और आसपास के 100 से अधिक उच्च-स्तरीय और निम्न-स्तर के स्टार्टअप्स को आमंत्रित किया जा रहा है और विभिन्न उच्च-संसाधन निवेशकों के समक्ष उनके उत्पादों/सेवाओं को प्रचारित करने का अवसर प्रदान किया जाएगा। 10000स्टार्टअप्स इंडिया के सह-संस्थापक हनी किठानी इस आयोजन के मुख्य निवेशकों में से एक हैं।
आयोजन के अंत में कॉमिकस्टान सीजन 3 के विजेता श्री आशीष सोलंकी के साथ ‘ई-गैदरिंग’ के रूप में एक हल्का-फुल्का वक्ता सत्र भी आयोजित किया जाएगा|
‘इनोवेशन मंथन’, ‘बिजनेस केस स्टडी’, ‘बी-क्विज’, ‘वॉल स्ट्रीट’, ‘क्रिकनोमेट्रिका’ और ‘आरोहण’ ई-समिट में आयोजित होने वाले कुछ अन्य कार्यक्रम हैं। ई-समिट, मध्य भारत में सबसे बड़ा उद्यमशीलता उत्सव होने के नाते, विभिन्न संस्थानों के छात्रों के भीतर छिपे उद्यमी का दोहन करने के लिए हर साधन प्रदान करने वाली सबसे बड़े आयोजनों में से एक है।