रायपुर(02.02.23)- राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर में 2 फरवरी 2023 को इन्नोवेशन सेल द्वारा ‘इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट्स (आईपीआर) और संस्थानों/स्टार्टअप के संकायों के छात्रों के हित में इसकी भूमिका’ विषय पर आई टॉक सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के वक्ता आईपीआर अटॉर्नी एंड स्टार्टअप एडवोकेट मि. मेघदूत भट्टाचार्य थे। यह कार्यक्रम इन्नोवेशन सेल के फैकल्टी इंचार्ज डॉ. सौरभ गुप्ता के मार्गदर्शन में हुआ।
सर्वप्रथम अतिथि वक्ता ने कार्यक्रम की शुरुआत ‘इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट्स’ के बारे में बताते हुए की। उन्होंने बताया कि आईपीआर निर्माता को उसके आविष्कार या निर्माण की रक्षा के लिए दिए गए कानूनी अधिकार हैं तथा उसकी उपयोगिता एवं उसके भविष्य में महत्त्व आदि पर उन्होने विचार व्यक्त किए। उन्होंने वर्तमान समय में हो रहे नित-नए इनोवेशन का उदाहरण देते हुए छात्रों को नए तकनीकों पर विचार-विमर्श करने तथा बिजनेस को बुनियादी रूप से प्रारंभ करके उस पर शोध करने की सलाह दी। आगे उन्होंने बिजनेस एवं स्टार्ट-अप में आईपीआर के महत्व को बताया कि किस प्रकार वर्तमान समय में हम इसका उपयोग कर सकते हैं।
आगे बढ़ते हुए उन्होंने विभिन्न प्रकार के आईपीआर जैसे कॉपीराइट, पेटेंट, ट्रेडमार्क, तथा इनकी विशेषता एवं महत्त्व को बताया। उन्होंने कहा कि बिजनेस को सुनियोजित तरीके से आईपीआर की मदद से सुरक्षित रखा जा सकता है। उन्होंने आईपीआर के बारे में छात्रों को संक्षिप्त जानकारी दी तथा उन्हें इस विषय पर शोध करने की सलाह दी।