देश

सूर्यवंश व चंद्रवंश मे आये भगवान राम व कृष्ण- पं. मनोज शुक्ला

Written by Kamlakar Yerpude

श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह में आज भगवान श्री राम, वामन और कृष्ण जन्म की कथा सुनी श्रद्धालुओं ने

 

रायपुर। रविग्राम तेलीबांधा स्थित चाणक्य गुरुकुल पब्लिक स्कूल परिसर में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में महामाया मन्दिर रायपुर के ज्योतिषी व भगवताचार्य पं. मनोज शुक्ला ने आज कथा में बताया की जब- जब धर्म की हानि होती है, अधम अभिमानी की वृद्धि होती है, तब- तब प्रभू विविध शरीर धारण करके जन्म लेते हैं और अधम असुरों को समाप्त करते हैं। अहंकार को समाप्त करते हैं।

राजा बलि की अहंकार को नष्ट करने भगवान विष्णु वामन के रूप में अवतार लिए और तीन पग भूमि मांगकर उन्हें मोक्ष प्रदान किया। रावण, कुंभकरण जैसे राक्षसों को नष्ट करने सूर्यवंश में श्री राम के रूप में अवतार लिए तथा वैसे ही दुष्ट कंस का अंत करने भगवान चंद्रवंश में श्री कृष्ण अवतार लिए।

माँ महामाया मंदिर रायपुर के भगवताचार्य पं. मनोज शुक्ला ने कथा प्रसंग में सूर्य वंश और चंद्र वंश की संपूर्ण कथा सुनाते हुए आगे बताया कि भगवान भक्तों के अधीन रहते हैं। वे भक्त की रक्षा करने जरूर आते हैं। भगवान श्री कृष्ण वासुदेव देवकी के गर्भ से कारागार मे जन्म लिए और विभिन्न राक्षसों का अंत किये। राजा अंबरीश, श्री वामन, श्री राम, श्री कृष्ण अवतार के धार्मिक प्रसंग सुनाते हुए आचार्य शुक्ला जी ने कहा कि भक्त की रक्षा के लिए भगवान जरूर आते हैं। हर युग में भगवान ने अपने भक्तों की सहायता की है। वे अपने भक्तों को कभी कष्ट बाधा में नहीं देख सकते हैं।

हमें यदि भगवान की कृपा प्राप्त करनी है तो सबसे पहले हमें भक्त बनना पड़ेगा और अपना सबकुछ भगवान को समर्पित करना होगा। कन्हैया जन्म के अवसर पर नंद घर आनंद भयो के भजनों की मधुर स्वर लहरियों पर श्रोतागण भाव विभोर होकर भक्तिरस में झूमने लगे। प्रमुख यजमान आशोक शर्मा व संजय शर्मा परिवार ने आरती उतारकर प्रसाद, माखन, मिश्री वितरण किये।

About the author

Kamlakar Yerpude