नईदिल्ली 18 जून 2021। पिछले एक साल के दौरान कई बार इंटरनेट मीडिया की सनसनी बने बाबा का ढाबा के मालिक कांता प्रसाद को लेकर बड़ी खबर आ रही है। सूत्रों के मुताबिक, तनाव के चलते बृहस्पतिवार रात को कांता प्रसाद ने नींद की गोलियां खाकर आत्महत्या करने कोशिश की। इसके बाद कांता प्रसाद को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, ये मामला गुरुवार रात करीब दस बजे का है. जब कांता प्रसाद ने शराब के नशे में नींद की गोलियां खा लीं। कांता प्रसाद को देर रात में ही दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, अभी बाबा कांता प्रसाद खतरे से बाहर हैं. पुलिस को इस बारे में अस्पताल से ही जानकारी मिली है। दिल्ली पुलिस के डीसीपी साउथ अतुल ठाकुर ने बयान दिया है कि 80 साल के कांता प्रसाद को देर रात सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कांता प्रसाद ने शराब पी थी और नींद की गोलियां खा ली थीं। कांता प्रसाद के बेटे का बयान ले लिया गया है, मामले की जांच की जा रही है।

