राजनीति

जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के मुख्य प्रवक्ता अधिवक्ता भगवानू नायक ने पद और प्राथमिक सदस्यता से दिया इस्तीफा

रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के मुख्य प्रवक्ता अधिवक्ता भगवानू नायक ने पार्टी के सभी पदों एवं प्राथमिक सदस्यता से स्वेच्छा से त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा पार्टी सुप्रीमो डॉ. रेणु जोगी को प्रेषित किया है, जिसकी प्रतिलिपि प्रदेशाध्यक्ष अमित जोगी को भी भेजी गई है।

अपने त्यागपत्र में भगवानू नायक ने कहा कि छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री एवं पार्टी संस्थापक स्व. अजीत प्रमोद कुमार जोगी के सानिध्य में कार्य करना उनके सार्वजनिक एवं राजनीतिक जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण और अविस्मरणीय अध्याय रहा। जोगीजी से उन्हें राजनीति, जनसेवा और संघर्ष की सीख मिली, जिसके लिए वे जीवनभर कृतज्ञ रहेंगे।

उन्होंने कहा कि डॉ. रेणु जोगी से उन्हें सदैव मातृवत स्नेह मिला और अमित जोगी ने छोटे भाई की तरह सम्मान व विश्वास दिया। जोगी परिवार से मिले आत्मीय संबंध को वे किसी पद तक सीमित नहीं मानते और पद से अलग होने के बाद भी सम्मान व व्यक्तिगत संबंध बने रहेंगे।

मुख्य प्रवक्ता के रूप में पार्टी, छत्तीसगढ़ की जनता और जोगी परिवार का पक्ष मजबूती से रखने का अवसर मिलने पर उन्होंने जनता, मीडिया और पार्टी साथियों का आभार जताया।

उन्होंने निजी कारणों से पार्टी को समय न दे पाने की बात कहते हुए बिना किसी कटुता, शिकायत अथवा मतभेद के इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध किया है।

About the author

मीडिया एमपीसीजी