राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर द्वारा आयोजित 19वीं छत्तीसगढ़ यंग साइंटिस्ट कांग्रेस (CYSC) में मुख्य अतिथि होंगे छ ग के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा , 14 फरवरी तक कर सकते हैं आवेदन

19वीं छत्तीसगढ़ यंग साइंटिस्ट कांग्रेस (CYSC)2024 26 और 27 फरवरी 2024 को संयुक्त रूप से राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर और छत्तीसगढ़ विज्ञान और प्रौद्योगिकी परिषद (CCOST) द्वारा आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में छ ग के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा सम्मिलित होंगे | सीवाईएससी 2024 द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य में स्थित विभिन्न संस्थानों/विश्वविद्यालयों/अनुसंधान प्रयोगशालाओं और अन्य संगठनों से संबंधित विषयों पर शोधकर्ताओं से शोध पत्र आमंत्रित किए जा रहे है।
इस आयोजन में भाग लेने हेतु प्रतिभागियों की आयु 28 फरवरी 2024 को 35 वर्ष या उससे कम होनी चाहिए। छत्तीसगढ़ यंग साइंटिस्ट कांग्रेस 2024 में विज्ञान, जीव विज्ञान, कृषि विज्ञान, सभी इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी क्षेत्रों के 20 विषयों में शोध पत्र आमंत्रित किए जा रहे हैं। इस आयोजन हेतु अधिक जानकारी के लिए, प्रतिभागी यंग साइंटिस्ट कांग्रेस की वेबसाइट https://cysc2024.nitrr.ac.in/ पर जा सकते हैं और अपना शोध कार्य ऑनलाइन जमा कर सकते हैं।

सीवाईएससी में प्रस्तुत प्रत्येक शोध पत्र की विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाएगी और चयनित शोधपत्रों को इस कांग्रेस के दौरान विशेषज्ञ पैनल के सामने अपना शोध कार्य प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। विशेषज्ञ पैनल निर्णय के आधार पर प्रत्येक विषय से छत्तीसगढ़ यंग साइंटिस्ट पुरस्कार विजेताओं का चयन किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ यंग साइंटिस्ट पुरस्कार के प्रत्येक पुरस्कार विजेता को प्रमाण पत्र और 21000 के नकद पुरस्कार के साथ भविष्य में अपने शोध को नए स्तरों पर ले जाने के लिए राष्ट्रीय प्रयोगशालाओं का दौरा करने जैसे अन्य आकर्षक अवसर प्राप्त होंगे।
शोधपत्र जमा करने की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 14 फरवरी 2024 किया गया है |
भारतीय भौतिक विज्ञानी श्री चन्द्रशेखर वेंकट रमन द्वारा “रमन प्रभाव” की खोज को चिह्नित करने के लिए हर साल छत्तीसगढ़ राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों/संस्थानों के सहयोग से छत्तीसगढ़ विज्ञान और प्रौद्योगिकी परिषद (CCOST), रायपुर द्वारा छत्तीसगढ़ यंग साइंटिस्ट कांग्रेस का आयोजन किया जाता है। छत्तीसगढ़ युवा वैज्ञानिक कांग्रेस का मुख्य उद्देश्य राज्य के उभरते वैज्ञानिकों/शोधकर्ताओं को वैज्ञानिक समुदाय में उनके योगदान को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच प्रदान करना है। छत्तीसगढ़ यंग साइंटिस्ट कांग्रेस युवा शोधकर्ताओं को अपने नवीन विचारों और शोध निष्कर्षों को विशेषज्ञों के साथ साझा करने और सार्थक चर्चा में शामिल होने, साथी शोधकर्ताओं के साथ नेटवर्क बनाने के लिए भी प्रोत्साहित करती है।
19वीं छत्तीसगढ़ युवा वैज्ञानिक कांग्रेस (सीवाईएससी) 2024 का आयोजन निदेशक एनआईटी प्रोफेसर एन. वी. रमना राव, रायपुर और श्री एस. एस. बजाज, महानिदेशक, छत्तीसगढ़ विज्ञान और प्रौद्योगिकी परिषद के संरक्षण और मार्गदर्शन में किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के संयोजक एनआईटी रायपुर से डॉ. दिलीप सिंह सिसौदिया और डॉ. राकेश त्रिपाठी और छत्तीसगढ़ विज्ञान और प्रौद्योगिकी परिषद से डॉ. (श्रीमती) जे.के. राय हैं।
अधिक जानकारी के लिए प्रतिभागी वेबसाइट पर जा सकते हैं और अपनी अन्य समस्याओं या प्रश्नों के समाधान हेतु प्रतिभागी cysc2024@nitrr.ac.in पर ईमेल भी कर सकते हैं।
इस हेतु एन आई टी रायपुर के निदेशक ने छत्तीसगढ़ के युवा शोधार्थियों से अपील करते हुए संदेश दिया कि
“मैं छत्तीसगढ़ राज्य में स्थित सभी कुलपतियों, निदेशकों और अन्य संगठनों/विभागों/प्रयोगशालाओं के प्रमुखों से अपील करता हूं कि वे आपके सम्मानित संगठनों के सभी पात्र शोधार्थियों को छत्तीसगढ़ युवा वैज्ञानिक पुरस्कार-2024 के लिए अपना शोध कार्य प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित और प्रेरित करें।”

