दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर रेल मंडल में दीपावली व छठ पूजा पर यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष तैयारी
रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर रेल मंडल ने दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए विशेष यात्री सुविधा एवं क्राउड मैनेजमेंट की व्यापक तैयारी की है। बिहार की ओर जाने वाली प्रमुख ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में अस्थायी परिवर्तन किया गया है।
बिहार जाने वाली 3 ट्रेनों का प्लेटफॉर्म परिवर्तन
04 नवंबर से 14 नवंबर तक निम्नलिखित ट्रेनें रायपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 से प्रस्थान करेंगी। यात्री गुढ़ियारी साइड प्रवेश द्वार से सीधे प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर पहुंचकर इन ट्रेनों में आसानी से यात्रा कर सकेंगे।
15160 दुर्ग–छपरा सारनाथ एक्सप्रेस
15232 गोंदिया–बरौनी एक्सप्रेस
13287 दुर्ग–आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि उक्त अवधि में इन ट्रेनों के लिए प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर समय से पहुंचें।
त्योहारी सीजन के दौरान स्टेशनों पर अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे द्वारा सुरक्षा एवं संरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की जा रही है। यात्रियों के सुचारु आवागमन, भीड़ नियंत्रण तथा आवश्यक यात्री सुविधाओं की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।