रायपुर। 24 नवंबर को गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 20 नवंबर को राजधानी रायपुर में पूरी खालसाई शान के साथ सिख साध संगत द्वारा विशाल नगर कीर्तन निकाला जाएगा। यह नगर कीर्तन गुरुद्वारा स्टेशन रोड से प्रारंभ होकर स्टेशन चौक, गुरु गोविंद सिंह चौक, जेल रोड, शास्त्री चौक होते हुए मरीन ड्राइव स्थित गुरुद्वारा बुड्ढा साहिब में संपन्न होगा। इसकी तैयारी को लेकर शहर की सभी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों की बैठक गुरुद्वारा स्टेशन रोड में हुई। जिसमें सर्वसम्मति से पटाखे, डीजे और बाइक स्टंट पर मनाही सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। नगर कीर्तन में सफेद ड्रेस और नीले दुपट्टे व पगड़ी धारण कर खालसाई शान के साथ शामिल होने का आह्वान किया गया। गुरु नानक देव जयंती के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा स्टेशन रोड से 11 नवंबर से शहर में सुबह 4:30 बजे प्रभात फेरी भी निकाली जाएगी, जो 19 नवंबर तक चलेगी। प्रभात फेरी में संगत कीर्तन व गुरु जस गायन करते हुए चलेगी। 15 नवंबर को बच्चों का शब्द गायन गुरुद्वारा स्टेशन रोड में होगा, जिसमें भाग लेने वाले सभी बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा।
आज की बैठक में गुरुद्वारा मरीन ड्राइव साहिब के अध्यक्ष हरकिशन सिंह राजपूत, बलदेव सिंह, दलेर सिंह, गुरुद्वारा गोविंद नगर से मनिंदर सिंह, गुरुद्वारा श्याम नगर के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, त्रिलोचन सिंह काले, गुरुद्वारा टाटीबंध के अध्यक्ष चरणजीत सिंह, गुरुद्वारा हीरापुर के ज्ञानी दविंदर सिंह, गुरुद्वारा देवेंद्रनगर के बाला, प्रीतम महुआ, गुरुद्वारा महावीर नगर के अध्यक्ष सहित गुरुद्वारा स्टेशन रोड के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र छाबड़ा, निरंजन सिंह खनूजा, कुलदीप सिंह चावला, उपाध्यक्ष तेजिंदर सिंह होरा, मनजीत सिंह सलूजा, कल्याण सिंह सलूजा, सचिव कुलदीप सिंह मक्कड़, रविंद्र सिंह दत्ता, जगजीत सिंह छाबड़ा, राजेंद्र सिंह सलूजा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित थे।