देशभक्ति राष्ट्र सेवा

27 सीजी बटालियन एनसीसी ने मनाया राष्ट्रीय एकता दिवस

रायपुर। 27 सीजी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में रायपुर एनसीसी ग्रुप द्वारा सोमवार को साइंस कॉलेज परिसर में राष्ट्रीय एकता दिवस देशभक्तिपूर्ण थीम पर उमंग-उत्साह से मनाया गया। मुख्य अतिथि रहे एनसीसी रायपुर ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर साई प्रसाद सिस्तला, एसएम। यह आयोजन 27 छत्तीसगढ़ बटालियन एनसीसी रायपुर के कमांडिंग आॅफिसर कर्नल एस. वेलमुरुगन व एडमिनिस्ट्रेटिव आॅफिसर कर्नल सुभाष महतो के मार्गदर्शन में हुआ। जिसमें रक्तदान शिविर, पोस्टर मेकिंग कॅम्पीटीशन, स्पीच कॅम्पीटीशन, राष्ट्रीय एकता साइकिल रैली, राष्ट्रीय एकता पदयात्रा, वृक्षारोपण और नुक्कड़ नाटक के आयोजन हुए।

मुख्य अतिथि ने सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई, जिसमें उन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में साइंस कॉलेज रायपुर, सेंट विंसेंट पैलौटी कॉलेज रायपुर, दुर्गा महाविद्यालय, दिशा कॉलेज, होली क्रॉस स्कूल कांपा, केपीएस स्कूल के एनसीसी कैडेट्स समेत एनसीसी अधिकारी मेजर डॉ. कुलदीप दुबे, लेफ्टिनेंट डॉ. रवि बंजारे, लेफ्टिनेंट चेतना नायक, फर्स्ट आॅफिसर रीता शुक्ला, वासुदेव शर्मा- एस.एम., धर्मपाल सिंह, सूबेदार जगतार सिंग मुख्य रूप से शामिल हुए ।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने नशा मुक्त भारत बनाने, ध्यान भटकाने वाली चीजों से बचने तथा सफलता प्राप्त करने के लिए जीवन में फोकस्ड एवं अनुशासित रहने की आवश्यकता पर भी बात की। उन्होंने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले सभी कैडेटों और प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की तथा पुरस्कार वितरित किए। साथ ही उन्होंने सेवानिवृत्ति हो रहे साइंस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अमिताभ बैनर्जी को एनसीसी एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें सम्मानित किया।

समारोह का समापन देशभक्तिपूर्ण नोट पर हुआ, जिसमें एनसीसी कैडेटों में एकता, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रीय एकीकरण के मूल्यों को और मजबूत किया गया।

About the author

मीडिया एमपीसीजी