यादें रंगमंच - थियेटर सीने जगत

छत्तीसगढ़ी फिल्म‘आएं बाएं साएं’शुक्रवार को होगी रिलीज

फिल्म में हॉरर के साथ कॉमेडी का तड़का

रायपुर। इश्क में पड़ना कोई नई बात नहीं, लेकिन जब प्रेमिका इंसान नहीं बल्कि भूतनी हो तो कहानी में रोमांस से ज्यादा रोमांच और हंसी के मौके बन जाते हैं। कुछ ऐसी ही अनोखी कहानी लेकर आ रही है छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘आएं बाएं साएं’। फिल्म में तीन भाइयों को भूतनियों से प्यार हो जाता है। अब इंसान और भूतनी के इस अनोखे इश्क में क्या-क्या अड़चनें आएंगी और प्रेम की यह कहानी किस मोड़ पर पहुंचेगी, इसका जवाब फिल्म में हास्य और मनोरंजन के अंदाज में मिलेगा। 20 नवंबर को यह फिल्म पूरे छत्तीसगढ़ में एक साथ रिलीज होगी। फिल्म की खासियत इसका हॉरर-कॉमेडी का प्रयोग है। निर्माता और अभिनेता राज वर्मा के मुताबिक, छत्तीसगढ़ी सिनेमा में इस तरह की कहानी दर्शकों के सामने लाने का प्रयास किया गया है। राज वर्मा खुद भी इस बार अपने परिचित हीरो वाले अंदाज से हटकर कॉमेडी करते नजर आएंगे। फिल्म में राज वर्मा के साथ एल्सा घोष, धनेश साहू के साथ आराधना साहू, कुबेर नेताम के साथ भूमि साहू नजर आएंगी। इनके अलावा काका, किरण और सेवक भी हास्य के रंग भरेंगे। फिल्म के लेखक और निर्देशक प्रणव झा ने बताया कि यह उनकी अब तक की फिल्मों से अलग कहानी है। इसमें ठेठ छत्तीसगढ़िया अंदाज, स्थानीय बोली और हास्य को खास जगह दी गई है।

About the author

मीडिया एमपीसीजी