मुक्तिबोध राष्ट्रीय नाट्य समारोह: भौहें उड़ीं तो खुल गई रिश्तों की परतें
रायपुर। शादी-ब्याह जैसे पारिवारिक आयोजन में रिश्तों की खींचतान, सामाजिक प्रतिष्ठा का दबाव, दहेज की चिंता और दिखावे की परंपराएं किस तरह एक साधारण परिवार की खुशियों को तनाव में बदल देती हैं, इसे हास्य और संवेदना के साथ मंच पर जीवंत किया गया नाटक ‘गुड़िया की शादी’ में। वरिष्ठ रंगकर्मी एवं अभिनेत्री समता सागर लिखित इस नाटक का मंचन मंगलवार को छत्तीसगढ़ फिल्म एवं विजुअल आर्ट सोसायटी द्वारा आयोजित 5 दिवसीय मुक्तिबोध राष्ट्रीय नाट्य समारोह में किया गया। नाटक ने दर्शकों को जहां हंसी से लोटपोट किया, वहीं कई प्रसंगों में भावुक भी कर दिया।
बुंदेलखंड के एक निम्न मध्यमवर्गीय परिवार की पृष्ठभूमि पर आधारित इस नाटक की कहानी गुड़िया नाम की एक ऐसी युवती के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका चेहरा पारंपरिक सौंदर्य के सामाजिक पैमानों पर खरा नहीं उतरता। बड़ी मुश्किल से उसकी शादी तय हुई है। परिवार पहले ही बेटी के विवाह को लेकर सामाजिक दबाव और दहेज जैसी कुरीतियों से परेशान है। इसी बीच गलती से गुड़िया की भौहें साफ हो जाती हैं। परिवार में हड़कंप मच जाता है। सबको चिंता सताने लगती है कि कहीं इस वजह से शादी न टूट जाए। एक छोटी-सी घटना देखते ही देखते पूरे परिवार के भीतर छिपे डर, स्वार्थ, अहंकार और रिश्तों के अंतर्विरोधों को सामने ले आती है।
नाटक की खासियत यह है कि एक सामान्य पारिवारिक प्रसंग के माध्यम से लेखिका ने समाज की गहरी विसंगतियों पर चोट की है। लड़की को परिवार पर बोझ समझने की मानसिकता, बाहरी सुंदरता के आधार पर उसके भविष्य का आकलन और विवाह को सामाजिक प्रतिष्ठा का प्रश्न बना देने वाली सोच को सहज संवादों के जरिए उजागर किया गया है। गुड़िया का चरित्र इन तमाम रूढ़ियों के बीच अपनी निश्छलता और साफगोई के कारण अलग पहचान बनाता है। वह न तो दूसरों के तानों से विचलित होती है और न ही जीवन को अनावश्यक जटिलताओं में उलझाती है।
नाटक में गुड़िया की सहजता ही उसका सबसे बड़ा जीवन दर्शन बनकर उभरती है। वह जिस सरलता से अपनी बात कहती है, वही परिवार के दूसरे पात्रों को उनके बनावटी व्यवहार और सामाजिक आवरणों से परिचित कराती है। एक दृश्य में गुड़िया सहजता से कहती है कि उसे जोर से पेशाब आई है और क्या वह पेशाब करने जा सकती है। इस सामान्य बात पर उसे टोक दिया जाता है कि उसे ‘बाथरूम’ कहना चाहिए। यह छोटा-सा प्रसंग बताता है कि समाज ने हमारी सहज अभिव्यक्ति तक पर किस तरह शिष्टाचार और दिखावे के आवरण चढ़ा दिए हैं।
नाटक में विवाह वाले घर की भागदौड़, रिश्तेदारों की नोकझोंक, मान-अपमान और छोटी-छोटी बातों पर होने वाले विवादों को भी रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया। आर्थिक अभाव किस तरह सामाजिक कुरीतियों और पारिवारिक तनाव को और गहरा कर देता है, यह भी कथानक में प्रभावी ढंग से सामने आता है। हालांकि कहानी का अंत सुखद है, लेकिन वहां तक पहुंचने की प्रक्रिया इतनी स्वाभाविक है कि दर्शक उससे सहजता से जुड़ जाते हैं। गुड़िया के संपर्क में आने वाले पात्र धीरे-धीरे अपने भ्रम, द्वंद्व और अहंकार को पहचानते हैं। उसकी सकारात्मकता और जीवन के प्रति ईमानदार दृष्टिकोण दूसरों के लिए बदलाव का माध्यम बनती है।
नाटक की प्रस्तुति में हास्य और संवेदना का सुंदर संतुलन देखने को मिला। कई संवादों और दृश्यों पर सभागृह ठहाकों से गूंजता रहा, तो कुछ भावुक प्रसंगों ने दर्शकों की आंखें नम कर दीं। कलाकारों ने अपने अभिनय से पात्रों को जीवंत बनाया। विशेष रूप से गुड़िया, फूफा और बड़ी बहू की भूमिकाओं ने दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी। विवाह के घर की पारंपरिक गतिविधियों और रिश्तों की बारीकियों को जिस तरह मंच पर उकेरा गया, वह नई पीढ़ी के लिए भी एक अलग अनुभव रहा।
मंचन के दौरान सभागृह दर्शकों से खचाखच भरा रहा। नाटक समाप्त होने के बाद भी इसकी सहजता, हास्य और संदेश दर्शकों के मन में बना रहा।
‘गुड़िया की शादी’ केवल एक लड़की के विवाह की कहानी नहीं, बल्कि उन सामाजिक आवरणों से मुक्त होने की सीख है, जिन्हें हमने जीवन का अनिवार्य हिस्सा मान लिया है। नाटक यह संदेश देने में सफल रहा कि जीवन को सहजता, सच्चाई और सकारात्मकता के साथ जिया जाए तो कई जटिलताएं अपने आप आसान हो सकती हैं।