छत्तीसगढ़ • व्यवसाय जगत

राष्ट्रीय चिकन दिवस पर जुटे पोल्ट्री व्यवसायी

अंडे एवं चिकन के पोषण पर दी गई जानकारी दी

रायपुर। भारतीय पोल्ट्री उद्योग के जनक एवं पद्मश्री से सम्मानित स्वर्गीय डॉ. बी.वी. राव की स्मृति में सोमवार को रायपुर में राष्ट्रीय चिकन दिवस (नेशनल चिकन डे) समारोह आयोजित किया गया। यह आयोजन छत्तीसगढ़ इंटीग्रेशन कंपनी एवं ब्रॉयलर फार्मर एसोसिएशन एवं पोल्ट्री मेडिसिन डिस्ट्रीब्यूटर्स के संयुक्त तत्वावधान में होटल एरिना, वीआईपी रोड में हुआ। कार्यक्रम में स्व. डॉ. बी.वी. राव के भारतीय पोल्ट्री उद्योग में अतुलनीय योगदान, दूरदर्शिता एवं समर्पण को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर पोल्ट्री व्यवसाय से जुड़े उद्यमियों, किसानों एवं उद्योग प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जयश्री ग्रुप के डायरेक्टर एवं छत्तीसगढ़ ब्रॉयलर ब्रीडर एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय ब्राह्मणकर ने भारतीय अर्थव्यवस्था एवं जीडीपी में पोल्ट्री उद्योग के बढ़ते योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पोल्ट्री उद्योग अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ रोजगार सृजन, किसानों की आय बढ़ाने, खाद्य एवं पोषण सुरक्षा तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उद्योग की प्रगति के लिए सभी पक्षों के सामूहिक प्रयास और आपसी सहयोग आवश्यक है। छत्तीसगढ़ ब्रॉयलर फार्मर एसोसिएशन के अध्यक्ष गोविंद चंद्राकर ने पोल्ट्री किसानों के परिश्रम, समर्पण एवं योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसानों को मौसम, बढ़ती लागत, प्रबंधन एवं अन्य व्यावहारिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, फिर भी वे पूरी मेहनत और जिम्मेदारी से उद्योग को आगे बढ़ा रहे हैं। पोल्ट्री उद्योग की सफलता में किसानों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

पोल्ट्री विशेषज्ञ डॉ. मनोज शुक्ला ने अंडे एवं चिकन के पोषण महत्व पर जानकारी दी। उन्होंने मानव स्वास्थ्य के लिए प्रोटीन की आवश्यकता, संतुलित आहार में इसकी भूमिका तथा अंडे और चिकन को प्रोटीन के महत्वपूर्ण स्रोत के रूप में अपनाने के लाभ समझाए।

हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सुलभ चंद्राकर ने बदलती जीवनशैली में प्रोटीन की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली के लिए संतुलित आहार में पर्याप्त प्रोटीन आवश्यक है। पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी उन्होंने जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन को-आॅर्डिनेटर विश्वजीत पाणीग्राही ने किया।

About the author

मीडिया एमपीसीजी