सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा दर्शकों का मन
रायपुर। श्रीगुजराती इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल के जूनियर विंग (नर्सरी से कक्षा 5वीं) का वार्षिकोत्सव ‘यूफोरिया’ शनिवार को ज्ञानोदय भवन में हर्षोल्लास से आयोजित किया गया। नन्हे विद्यार्थियों ने स्वागत गीत व मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। शिवशक्ति महिमा ,महिषासुर मर्दिनि की प्रस्तुति से बच्चों ने भक्ति के रंग बिखेरे। वहीं रामलीला, कृष्ण लीला का प्रदर्शन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। पंजाब, दक्षिण के रंग एवं राजस्थान की यात्रा एवं देशभक्ति जैसी विविध प्रस्तुतियों ने भारतीय संस्कृति, परंपरा और कला के सुंदर रंग मंच पर बिखेरे।
मुख्य अतिथि थे गुजराती शिक्षण संघ संरक्षक समिति के अध्यक्ष रामजी भाई पटेल। गुजराती शिक्षण संघ कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष जयंती भाई पटेल विशिष्ट अतिथि रहे। प्राचार्य शैलेश शर्मा के विशेष मार्गदर्शन एवं उप प्राचार्य-द्वय के सहयोग से यह कार्यक्रम सफल रहा। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त कर किया गया।



