छत्तीसगढ़ • राजनीति

कबीरधाम : किसान मोर्चा ने खदान, कर्ज माफी और 55 लाख एकड़ जमीन घोटाले पर सरकार को घेरा, 26 नवंबर को सौंपेंगे ज्ञापन

कवर्धा। छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा ने कबीरधाम जिले में किसानों के तीन बड़े मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। 22 नवंबर 2026 को कवर्धा के मंडी परिसर में आयोजित किसान महाबैठक में जिले के सभी ब्लॉक से सैकड़ों किसान पहुंचे। बैठक की अध्यक्षता मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राज्य आंदोलनकारी अनिल दुबे ने की। बैठक में दोनों पृष्ठों के आवेदन में उल्लेखित तीनों प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। इन्हें 26 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम जिलाधीश कबीरधाम को सौंपा जाएगा। मोर्चा ने 7 दिन में कार्रवाई की मांग की है।

1. अडानी की डोलोमाइट खदान का विरोध

पहला प्रस्ताव छाटा (झा) क्षेत्र को लेकर है। मोर्चा का आरोप है कि जिले से लगे आधा दर्जन से अधिक गांवों के जीवन-यापन को संकट में डालने की योजना बनाई जा रही है। समाचार पत्रों में प्रकाशित विज्ञापन के अनुसार अडानी द्वारा डोलोमाइट चूना कारखाना खोलने के लिए दिसंबर 2025 में खनिज विभाग, नया रायपुर द्वारा पुश्तैनी भूमि के साथ दर्जनों गांव की सड़क के उपयोग का प्रस्ताव लाया गया है। किसानों ने इसे गोपनीय षडयंत्र बताते हुए खनन की तैयारी पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग की। किसानों ने कहा कि किसी भी प्रकार का कल-कारखाना ग्रामीण नागरिक, किसान, मजदूर, छात्र, महिला नहीं चाहते।

इसी मुद्दे से जुड़ा दूसरा मामला मैनपुरी गांव की सड़क का है। आरोप है कि बिना ग्राम पंचायत और ग्रामीणों की अनुमति के दुर्ग-कवर्धा के डंपर-ट्रक से सड़क निर्माण किया जा रहा है। किसानों ने इसे तुरंत बंद कराने की मांग की, अन्यथा गांधीवादी सत्याग्रह कर सड़क पर बैठकर निर्माण बंद कराएंगे। साथ ही 26 नवंबर से छाटा सहित मैनपुरी तक बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक की घोषणा की गई है। इसकी सूचना जिलाधीश व पुलिस अधीक्षक को दी गई है।

2. धान नुकसान और कर्ज माफी की मांग

दूसरा प्रस्ताव बेमौसम बारिश से धान फसल को हुए भारी नुकसान को लेकर है। अचानक चक्रवात से फसल बर्बाद हुई है। मुख्यमंत्री ने मुआवजे की घोषणा की है, लेकिन मोर्चा ने कहा कि मुआवजे से कई अधिक लाभ कर्ज माफी से होगा। जिलाध्यक्ष महेंद्र कौशिक ने प्रस्ताव रखा कि कबीरधाम सहित छत्तीसगढ़ के किसानों का समस्त कर्ज माफ किया जाए। जिस तरह अडानी-अंबानी जैसे उद्योगपतियों के हजारों करोड़ रुपये माफ किए गए, उसी तर्ज पर किसानों का कर्ज माफ हो।

3. 55 लाख एकड़ जमीन घोटाले का आरोप

तीसरा और सबसे गंभीर आरोप जमीन को लेकर है। मोर्चा का दावा है कि छत्तीसगढ़ के लगभग 55 लाख एकड़ शासकीय भूमि, आदिवासी भूमि, नेशनल हाईवे की भूमि, वन भूमि, तालाब, मंदिर-मठ की भूमि का फर्जी पंजीयन कूटरचित दस्तावेजों से जिलाधीशों से षडयंत्र कर गिरोह बनाकर बेचा जा रहा है। शपथपत्र के माध्यम से शिकायत दर्ज की गई है, जिसमें महासमुंद जिलाधीश विजय लंगेह सहित कई नाम हैं।

आरोप है कि दुर्ग जिले में शासकीय भूमि पर नगर निगम के अधिकारी ने भारी आर्थिक अपराध किया है। सभी प्रमाणित दस्तावेजों के बाद भी सरकार ने चुप्पी साधी हुई है। मोर्चा ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह ने सदन में कहा था कि शपथपत्र की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई होगी, लेकिन भाजपा सत्ताधारी शपथपत्र के बाद भी चुप्पी साधे हुए हैं।

मोर्चा ने जिलाधीश कबीरधाम से भी जिले के खरीदी-बिक्री, नेशनल हाईवे, आदिवासी क्षेत्र में अनुमति और टेंडर लिस्ट के माध्यम से हो रहे भ्रष्टाचार की जांच और सूचना के अधिकार में दस्तावेज देने की मांग की है। बैठक में जिलाध्यक्ष महेंद्र कौशिक, ब्लॉक अध्यक्ष कवर्धा सुंदरलाल कौशिक, भरत वर्मा, बोदला अध्यक्ष जगदम्बा साहू, लोहारा अध्यक्ष ठाकुर राम सिन्हा सहित सैकड़ों किसानों ने सहमति दी। प्रतिलिपि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव व आयुक्त दुर्ग को भेजी गई है।

About the author

मीडिया एमपीसीजी