छत्तीसगढ़ • धर्म • राजनीति

किसानों पर प्रकृति का कहर, सरकार की संवेदनहीनता ने बढ़ाई पीड़ा- अमितेष शुक्ल

रायपुर. एक के बाद लगातार तीन प्राकृतिक आपदा रुपी तूफान, वर्षा से अंचल के किसान अपनी आंखों के सामने पकी-पकाई फसल की बदहाली से न सिर्फ परेशान हैं बल्कि खून के आंसू बहा रहे हैं.

छ.ग. सरकार के प्रथम पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री अमितेष शुक्ल ने अपनी चिंताजनक टिप्पणी में कहा कि तूफान और बेमौसम बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है. खेतों में खड़ी फसलें प्रभावित हो रही हैं, कई किसानों की महीनों की मेहनत बर्बादी के कगार पर है. किसान अपनी आंखों के सामने फसल को तबाह होते देख रहा है, लेकिन सरकार की ओर से अब तक राहत और भरोसे का ठोस कदम दिखाई नहीं दे रहा है.

खेती में बीज, खाद, दवाई, मजदूरी और सिंचाई पर किसान अपनी जमा पूंजी लगा चुका है. फसल बर्बाद होने का मतलब सिर्फ खेत में नुकसान नहीं, बल्कि परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई, कर्ज की अदायगी और अगली फसल की तैयारी पर संकट है. किसान आखिर किसके भरोसे जिए ? कर्ज लेकर खेती करे, प्राकृतिक आपदा झेले और फिर मुआवजे के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटे-क्या यही किसान हितैषी सरकार की नीति है.

पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ल ने विष्णुदेव साय सरकार से सवाल करते हुए कहा- जब किसानों की फसल बर्बाद हो रही है, तो सरकार अब तक राहत देने के लिए जमीन पर सक्रिय क्यों नजर नहीं आ रही? प्रभावित किसानों के खेतों का तत्काल सर्वे कराकर नुकसान का आकलन क्यों नहीं किया जा रहा? किसानों को उचित मुआवजा देने की समय-सीमा सरकार स्पष्ट क्यों नहीं कर रही है? संकट में फंसे किसानों के कृषि ऋण पर राहत और कर्ज माफी का निर्णय कब लिया जाएगा? चुनाव और मंचों पर किसान हित की बातें करने वाली सरकार, संकट के समय किसानों के साथ मजबूती से खड़ी क्यों नहीं दिखाई देती?

अमितेश शुक्ल ने कहा कि भाजपा सरकार की किसान हितैषी घोषणाएं तब तक खोखली हैं, जब तक संकट में पड़े किसान को उसके खेत में वास्तविक राहत नहीं मिलती. किसानों को भाषण, आश्वासन और कागजी सर्वे नहीं, राहत चाहिए.

About the author

मीडिया एमपीसीजी