छत्तीसगढ़ • रायपुर

4 दिसंबर को डाक अदालत दिवस, शिकायतें 2 दिसंबर तक भेजें

रायपुर। कार्यालय मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, छत्तीसगढ़ परिमंडल, रायपुर द्वारा डाक कर्मियों, जीडीएस, पेंशनरों एवं डाक से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए परिमंडल स्तर पर “डाक कार्मिक अदालत, जीडीएस अदालत, पेंशनर अदालत एवं डाक अदालत” का आयोजन 04 दिसंबर 2026, शुक्रवार को सुबह 11 बजे “अदालत दिवस” के रूप में किया जाएगा।

इसमें डाक कर्मियों की समस्त शिकायतें, जीडीएस नियोजन संबंधी शिकायतें, पेंशनर की पेंशन भुगतान से संबंधित समस्याएं एवं डाक सेवाओं से संबंधित शिकायतें जैसे डाक वस्तुओं का वितरण, काउंटर सेवाएं, स्पीड पोस्ट, डाक जीवन बीमा आदि से संबंधित समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

डाक कर्मियों, जीडीएस, पेंशनरों एवं समस्त उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि वे अपनी शिकायतें यदि कोई हो तो पूर्ण विवरण के साथ कार्यालय मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, छत्तीसगढ़ परिमंडल, रायपुर को 02 दिसंबर 2026 को दोपहर 02 बजे तक प्रस्तुत करें। उक्त दिनांक के पश्चात प्राप्त शिकायतों को इस अदालत में शामिल नहीं किया जाएगा।

शिकायतकर्ताओं से आग्रह है कि कृपया अपनी शिकायत के पूर्ण विवरण के साथ अपना नाम, पता, जिला, पिन कोड, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी साझा करें।

“अदालत दिवस” का आयोजन कार्यालय मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, छत्तीसगढ़ परिमंडल, रायपुर जीपीओ बिल्डिंग द्वितीय तल, जय स्तंभ चौक, रायपुर में स्थित कार्यालय में किया जाएगा।

About the author

मीडिया एमपीसीजी