यात्रियों की सुविधा के लिए जल्द शुरू होगा चौथा एयरोब्रिज
एयरपोर्ट डायरेक्टर मोहम्मद आरिफ से बातचीत
रायपुर। स्वामी विवेकानंद विमानतल परिसर की पूरी सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी जल्द ही सीआईएसएफ के हवाले होगी। विमानतल में सीटीसीपी( काउंटर टेरेरिस्ट कांटीजेंसी प्लान) लागू करने की तैयारी है। इसके लिए डीजीसीए को प्रस्ताव भी भेजा गया है। रायपुर विमानतल के डायरेक्टर मोहम्मद आरिफ ने बताया कि एयरपोर्ट सुरक्षा के संदर्भ में सीटीसीपी(आतंकवाद विरोधी आकस्मिक योजना) एक विशेष सुरक्षा व्यवस्था है। डायरेक्टर मोहम्मद आरिफ ने बताया कि इसके साथ ही रायपुर विमानतल में बढ़ती यात्रियों की संख्या को देखते हुए जल्द ही विमानतल से चौथा एयरोब्रिज भी शुरू करने की तैयारी है। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही एक बड़ा प्रोजेक्ट भी तैयार है। इसके तहत पैरलर टैक्सी ड्राइव व रैपिड एक्जिट टैक्सी बनाया जाएगा। इसके पूरा होते ही रायपुर विमानतल में विमानों की पर घंटे कैपिसिटी 24 से 26 हो जाएगी।
योजना लागू होने से ये होगा फायदा
इस योजना के तहत सुरक्षा बल जैसे सीआईएसएफ एयरपोर्ट की मुख्य बिल्डिंग या टर्मिनल गेट से काफी पहले ही अप्रोच रोड पहुंच मार्ग पर वाहनों और आगंतुकों की जांच करते हैं। इससे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या खतरे को एयरपोर्ट परिसर के अंदर घुसने से पहले ही रोका जा सकता है।
विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल. किसी भी आतंकी हमले, विमान अपहरण हाईजैकिंग या आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सीआईएसएफ, स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ता, खुफिया एजेंसी, सेना और मेडिकल टीमों की भूमिका पहले से तय होती है। इसके साथ ही हवाई अड्डों पर खुफिया अलर्ट के दौरान सुरक्षा स्तर को तुरंत बढ़ाया जा सकता है, जिससे यात्रियों और विमानों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है।
जबरन नहीं खड़े होंगे वीआईपी वाहन
विमानतल के डायरेक्टर मो. आरिफ ने बताया कि आने वाले दिनों में विमानतल में खड़े होने वाले वीआईपी वाहन भी बेवजह खड़े होकर ट्रैफिक व्यवस्था नहीं बिगाड़ेंगे। इसके लिए कलेक्टर, कमिश्नर के साथ ही संबंधित विभाग को भी पत्र लिखा जाएगा।
कम दृश्यता होने पर भी हो सकेगी लैंडिंग
ठंड के मौसम में घने कोहरे को देखते हुए स्वामी विवेकानंद विमानतल को भी दृश्यता कैटेगिरी में अपग्रेड किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इसके बाद यहां विमानों की लैंडिंग 300 मीटर दृश्यता में भी हो सकेगी। इसके साथ ही उड़ान भी भर सकेंगे।
27 लाख से ज्यादा यात्रियों ने भरी उड़ान
रायपुर विमानतल से उड़ान भरने वाले हवाई यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ते जा रही है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में रायपुर विमानतल से 27 लाख से ज्यादा हवाई यात्रियों ने उड़ान भरी। अभी विमानतल की कैपिसिटी 32 लाख यात्रियों की हो गई है।