रायपुर

रंगारंग प्रस्तुतियां देकर नन्हें छात्रों ने मोहा मन

एम.जी.एम. हायर सेकेंडरी स्कूल में वार्षिकोत्सव ‘अभ्युदय 2026’

रायपुर। एम.जी.एम. हायर सेकेंडरी स्कूल, गायत्री नगर का वार्षिक उत्सव ‘अभ्युदय 2026’ अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह और भव्यता के साथ पं. दीनदयाल उपाध्याय आॅडिटोरियम में आयोजित किया गया। जिसमें कक्षा 3 व 4 के नन्हें बच्चों ने वर्तमान में कॅरियर को लेकर फिल्माए गए गीतों पर अभिनव प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं। वहीं ‘अभ्युदय’ विषय पर आधारित एक आकर्षक नाटिका प्रस्तुत सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा नये भारत का अभ्युदय, इकोज आॅफ ग्रेस, फ्यूजन डांस, द मैजिक आॅफ योगा, स्वागतम्-परंपराओं का उत्सव, नृत्य वंदना एवं पहली किरण जैसी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

मुख्य अतिथि थे प्रमुख सचिव- नगरीय प्रशासन विभाग एवं विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी विभाग सोनमणि बोरा (आईएएस)। अध्यक्षता हिस ग्रेस एलेक्सियस मार यूसेबियस मेट्रोपॉलिटन- कलकत्ता डायोसिस एवं अध्यक्ष- एम.जी.एम. ग्रुप आॅफ स्कूल्स ने की। अतिथि सत्कार प्राचार्या डॉ. लीना आर. जैकब ने किया।

इस अवसर पर विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिसमें विगत वर्ष की शैक्षणिक उपलब्धियों, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों, खेलकूद में प्राप्त सफलताओं तथा विद्यार्थियों द्वारा की गई विभिन्न रचनात्मक पहलुओं का उल्लेख किया गया। शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास की सराहना करते हुए उन्हें जिज्ञासु प्रवृत्ति और अनुशासन के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

साथ ही अध्यक्षता कर रहे हिस ग्रेस एलेक्सियस मार यूसेबियस ने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर उन्हें बधाई एवं आशीर्वाद दिया तथा भविष्य में भी निरंतर उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया। विद्यालय के उपाध्यक्ष फादर जोस मैथ्यू तथा विद्यालय प्रबंधन समिति ने इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा किए गए अथक प्रयासों, समर्पण और लगन की सराहना की।

About the author

मीडिया एमपीसीजी