10 साल के बालक निपुण बैद बनेंगे साधु

आत्मिक मस्ती को प्राप्त करने का मार्ग चुना है रायपुर के बाल मुमुक्षु ने

8 फरवरी को खरतरगच्छाचार्य श्रीजिन पियूष सागर सुरीश्वर प्रदान करेंगे दीक्षा

छत्तीसगढ़ के ही 3 और मुमुक्षु एक साथ लेंगे दीक्षा

बच्चों ने बालमुमुक्षु निपुण बैद को समर्पित किया सामूहिक स्नात्र पूजा का पुण्यफल

रायपुर|संयम जीवन का निर्णय ले चुके चार मुमुक्षुओं की अनुमोदना के उद्देश्य से सकल श्रीसंघ रायपुर ने तीन दिवसीय ‘संयम संग्रामोत्सव’ आयोजित किया। जिसका समापन सोमवार को बच्चों के हाथों भव्य धार्मिक अनुष्ठान सामूहिक स्नात्र पूजन के साथ हुआ। विवेकानंद नगर के श्रीज्ञान वल्लभ उपाश्रय में हुई यह भव्य स्नात्र पूजा संभव संस्कार सुरभि पाठशाला के बच्चों ने की। विशेष बात यह रही कि बच्चों ने पूरी स्नात्र पूजा बालमुमुक्षु निपुण बैद को समर्पित की।
सुबह 9 बजे शुरू हुई स्नात्र पूजा में बच्चों ने श्रद्धा के साथ भाग लिया। भगवान की भक्ति, पूजा-विधि और धार्मिक मंत्रोच्चार के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। बच्चों ने बालमुमुक्षु निपुण बैद की संयम यात्रा के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए यह विशेष पूजा समर्पित की। उपस्थित समाजजनों और श्रद्धालुओं ने बच्चों की इस भक्तिभावना की सराहना की और मुमुक्षु आत्माओं के वैराग्य भाव की अनुमोदना की।

दीक्षा लेने जा रहे 4 मुमुक्षुओं को समर्पित रहा यह उत्सव
तीन दिनों तक चले संयम संग्रामोत्सव में चार मुमुक्षु आत्माओं की संयम साधना की भावना केंद्र में रही। इनमें रायपुर के बालमुमुक्षु निपुण बैद, फिंगेश्वर की राखी चोपड़ा तथा दल्लीराजहरा की दर्शिता नाहटा और राशि नाहटा शामिल हैं। महोत्सव के पहले दिन शक्रस्तव अभिषेक, बहुमान, पूजा, भक्ति और भव्य आरती हुई। दूसरे दिन मुमुक्षुओं एवं तपस्वियों की रथयात्रा, विरति संवेदना, मुनिश्री के आशीर्वचन और संयम संवेदना एवं संगीत कार्यक्रम ने श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। यह महोत्सव मुनिश्री संवेगरत्न सागर महाराज तथा साध्वीवर्या मंजुलाश्री एवं साधु-संतों की पावन निश्रा में संपन्न हुआ।

  भ क्ति संवेदना में मुमुक्षुओं का हुआ बहुमान
संयम संग्रामोत्सव के अंतर्गत रात्रि भक्ति संवेदना एवं संगीत कार्यक्रम में श्रीऋषभदेव मंदिर ट्रस्ट की ओर से चारों मुमुक्षुओं का बहुमान किया गया। इस अवसर पर भावनगर के मिलन मेहता और रायपुर के राहुल झाबक ने भक्ति संगीत की प्रस्तुतियां दीं। उनकी प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। श्रद्धालुओं ने भक्तिमय वातावरण में मुमुक्षुओं की संयम यात्रा की अनुमोदना की।
महोत्सव का मूल भाव ‘एक नई शुरूआत- पर से स्व की ओर, संसार से मोक्ष की ओर’ रहा। श्रीऋषभदेव मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में हुए इस महोत्सव का संयोजन ट्रस्टी राजेंद्र गोलछा (हेमू) ने किया। तीनों दिनों के धार्मिक कार्यक्रमों में समाजजनों और श्रद्धालुओं की सहभागिता ने मुमुक्षु आत्माओं की संयम यात्रा के प्रति समाज की श्रद्धा और अनुमोदना को अभिव्यक्त किया।