पर्व त्योहार महात्म्य • रायपुर

कार्तिक पूर्णिमा: श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

सांझ ढलते दीपदान करने लगी महादेव घाट पर भीड़

पुन्नी मेला में उमड़ी भीड़, नौका विहार का लिया आनंद

रायपुर। राजधानी के महादेव घाट में मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा ‘देव दिवाली’ के पावन प्रसंग पर स्नान व दीपदान के लिए श्रद्धालुओं का सुबह से ही तांता लगा रहा। इस बार भी पुन्नी मेले में भी आस्था का सैलाब उमड़ा। हर साल की तरह लगाए गए इस पुन्नी मेले में आसपास के ग्राम्यांचलों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

श्रीहटकेश्वर महादेव मंदिर में सुबह विशेष अभिषेक पूजा, महाआरती के बाद मेले का विधिवत शुभारंभ हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ब्रह्म मुहूर्त में नदी में कार्तिक स्नान कर देवाधिदेव महादेव के दर्शन किए। बड़ी संख्या में बच्चों-महिलाओं के साथ सपरिवार आए लोगों ने मेला घूमने का आनंद भी लिया। खारुन नदी में लोगों न केवल डुबकी लगाई, बल्कि यहां नौका विहार का भी लुत्फ लिया। अंचल में प्रख्यात इस पुन्नी मेले के लिए महादेव घाट एक दिन पहले ही सजकर तैयार हो चुका था।

कई लुभावनी वस्तुओं की लगी दुकानें, बच्चों-महिलाओं ने लिया झूले का आनंद

महादेव घाट के पुन्नी मेले में खान-पान सहित मनिहारी, खिलौनों, रेडिमेड गॉरमेंट्स, श्रृंगार सहित तरह-तरह के दुकानें लगाई गर्इं। वहीं कई तरह के झूले भी यहां लगाए गए । बुधवार को कार्तिक पूर्णिमा पर यहां हजारों की संख्या में एकत्र लोगों ने न केवल खारुन नदी में डुबकी लगाकर भगवान हटकेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की बल्कि इस मेले का भरपूर लुत्भ भी उठाया।
मेले में उमड़ी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन, नगर निगम प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा व यातायात के लिए यहां खास प्रबंध रहे। नदी में डुबकी लगाने की परंपरा और यहां किए जा रहे नौका विहार को देखते हुए पुलिस कर्मियों के अलावा तैराक बचाव दल भी यहां तैनात दिखाई दिए

आस्था भट्ट ने बहाई भक्ति की गंगा

कार्तिक पूर्णिमा पर इस बार खारुन नदी के तट पर कार्तिक पुन्नी मेला आयोजन समिति ने भक्तिमय कार्यक्रम आयोजित किया। रात करीब 12 बजे से सुबह 7 बजे तक चले इस कार्यक्रम में एक से बढ़कर छत्तीसगढ़ी, हिन्दी भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध गायिका आस्था भट्ट ने छत्तीसगढ़ी और हिन्दी भक्ति गीतों को प्रस्तुति देकर उपस्थित दर्शकों को भक्ति रस में डूबकर झूमने विवश कर दिया। उन्होंने कार्यक्रम क ी शुरुआत छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत अरपा पैरी के धार.. महानदी हे अपार… से की। उसके बाद जस गीत, ढोल बाजे रे.., तोर भुवना ओ दाई तोर भुवना,आमा पान के पतरी.., गौरी – गौरा गीत एक पतरी रैनी बैनी..,हिन्दी गीत धरती गगन में होती है तेरी जयजयकार मां.., जब तक गंगा में पानी रहे.. जैसे गीत प्रस्तुत किए।

कार्तिक पूर्णिमा पर महादेव घाट पहुंचे भूपेश बघेल, खारुन नदी में लगाई आस्था की डुबकी

About the author

मीडिया एमपीसीजी