रायपुर

गुरु नानक देवजी के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारोें में गूंजी गुरु की वाणी

खालसा स्कूल में कीर्तन, लंगर सहित लगा अल्पसंख्यक शिविर

सेंट्रल जेल के 3000 कैदियों तक पहुंचा गुरु का लंगर

रायपुर। धन धन श्रीगुरु नानक देवजी का 557वां पावन प्रकाश पर्व राजधानी रायपुर में श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य आयोजन खालसा स्कूल प्रांगण में हुआ, जहां सुबह से ही हजारों की संख्या में गुरुनानक नामलेवा संगत ने गुरु घर की खुशियों में सहभागिता की।

अमृतसर के रागी जत्थो ने किया कीर्तन से निहाल

सुबह 10:30 बजे से गुरुद्वारा स्टेशन रोड के रागी भाई दलजीत सिंह व साथियों ने कीर्तन आरंभ किया। इसके बाद दोपहर 12 बजे दरबार साहब अमृतसर से भाई कुलविंदर सिंह ने गुरुवाणी कीर्तन की मीठी-सुरीली भक्तिगंगा प्रवाहित की। तदुपरांत 1:30 बजे ब्लाइंड स्कूल के बच्चों ने कीर्तन प्रस्तुत कर अद्भुत समां बांधा। इसके अलावा दोपहर 2 बजे से खालसा स्कूल के बच्चों और दरबार साहब अमृतसर से भाई भूपेंद्र सिंह के कीर्तन का क्रम शाम 4 बजे तक लगातार चलता रहा। इस अवसर पर सिख समाज के प्रमुख बलदेव सिंह भाटिया, हरमीत सिंह होरा, प्रीतपाल सिंह होरा, परविंदर सिंह भाटिया, लवली अरोरा, दलजीत सिंह चावला, अमरजीत सिंह छाबड़ा, इंदरजीत सिंह छाबड़ा, मनजीत सिंह सलूजा, जगजीत सिंह खनूजा, जी.एस. भामरा, त्रिलोचन काले सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे। मंच का सफल संचालन रविन्दर सिंह दत्ता ने किया।

अनवरत चला गुरु का लंगर, जेल तक पहुंची लंगर सेवा

सुबह 11:00 बजे से गुरु का लंगर शुरू हुआ जो लगातार चलता रहा। हजारों श्रद्धालुओं ने लंगर छका। हर साल की तरह इस साल भी सेंट्रल जेल में 3000 कैदी भाइयों को श्रीगुरु नानक देवजी के प्रकाश पर्व पर लंगर भेजा गया। सेवा की इस परंपरा ने सभी का मन जीत लिया।

अल्पसंख्यक आयोग का जनहितकारी शिविर

100 प्रमाण पत्र वितरित, 500 हुए पंजीकृत

छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग द्वारा इस अवसर पर आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड एवं अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र बनाने तथा वितरण हेतु विशेष शिविर लगाया गया। जिसमें 100 से अधिक अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र तत्काल बनाकर दिए गए तथा 500 से अधिक लोगों ने विभिन्न सेवाओं के लिए आवेदन एवं पंजीयन कराया। अल्पसंख्यक समुदाय के अधिकारों और योजनाओं की जानकारी देने वाली पुस्तकों का भी वितरण हुआ। आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि प्रकाश पर्व जैसे पावन अवसर पर जनहित की सेवाएं संगत तक पहुंचाना सराहनीय पहल है। शिविर को सफल बनाने में छत्तीसगढ़ सिक्ख काउंसिल की पूरी टीम ने सहयोग किया

कैट व चैंबर ने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष टेका मत्था

प्रकाश पर्व पर कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर पारवानी के नेतृत्व में सभी प्रदेश पदाधिकारियों ने तथा छत्तीसगढ़ चैंबर आॅफ कॉमर्स से श्रीचंद सुंदरानी, सतीश थौरानी के नेतृत्व में चेम्बर के प्रतिनिधिमंडल ने खालसा स्कूल पहुंचकर गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेका और सर्व समाज की सुख-शांति, समृद्धि एवं व्यापार में बरकत के लिए अरदास की। चेम्बर के प्रतिनिधि मंडल में अमर गिदवानी, जसप्रीत सलूजा, निकेश बरडिया, सचिन मेघानी, हरकिशन सिंह साहनी, गुरजीत सिंह संधू, किशोर आहूजा सम्मिलित थे।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने टेका माथा

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने खालसा स्कूल पहुंचकर गुरु घर में मत्था टेका और गुरु की खुशियां प्राप्त कीं। उन्होंने संगत को प्रकाश पर्व की बधाई दी।

About the author

मीडिया एमपीसीजी