छत्तीसगढ़ • रायपुर

कार्तिक पूर्णिमा पर आज श्रद्धालु लगाएंगे आस्था की डुबकी

संध्याकाल होगा दीपदान, महादेव घाट रायपुरा में लगेगा पुन्नी मेला

नौका विहार के साथ मेले का आनंद लेने उमड़ेगी भीड़

रायपुर। राजधानी के महादेव घाट में मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा ‘देव दिवाली’ के पावन प्रसंग पर अंचल का प्रसिद्ध पुन्नी मेला लगेगा। वहीं कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान व दीपदान के लिए सुबह से ही यहां रायपुर समेत आसपास के ग्राम्यांचलों से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी।

श्रीहटकेश्वर महादेव मंदिर में सुबह विशेष अभिषेक पूजा, महाआरती के विशेष अनुष्ठान भी इस पावन अवसर पर होंगे।

प्रतिवर्ष इस पुन्नी में बड़ी संख्या में बच्चों-महिलाओं सहित अंचलवासी सपरिवार यहां आकर पुण्य स्नान, दर्शन-पूजन और मेला घूमने आते रहे हैं। खारुन नदी के जल में आस्था की डुबकी लगाकर नौका विहार का भी आनंद लिया जाएगा। अंचल में प्रख्यात इस पुन्नी मेले के लिए महादेव घाट एक दिन पहले ही सजकर तैयार हो है।

 

कई लुभावनी वस्तुओं की लगी दुकानें

महादेव घाट के पुन्नी मेले में खान-पान सहित मनिहारी, खिलौनों, रेडिमेड गॉरमेंट्स, श्रृंगार सहित तरह-तरह के दुकानें लगाई जा रहीं हैं। वहीं कई तरह के झूले भी यहां लाए गए हैं। मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन, नगर निगम प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व यातायात के लिए यहां खास प्रबंध किए गए हैं। नदी में डुबकी लगाने की परंपरा और यहां किए जा रहे नौका विहार को देखते हुए पुलिस कर्मियों के अलावा निगम प्रशासन की ओर से तैराक बचाव दल भी तैनात किए जाने की जानकारी दी गई है।

About the author

मीडिया एमपीसीजी