रायपुर। सिख धर्म के प्रथम गुरु, श्रीगुरु नानक देवजी के 557वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर में भव्य शोभायात्रा एवं नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। जगह-जगह गुरु नानक नाम लेवा संगत एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया।
पंज प्यारों की अगुवाई में निकले इस नगर कीर्तन में गुरुवाणी कीर्तन और धार्मिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं गतका टीम के हैरतअंगेज करतब और लंगर सेवा को प्रदर्शित करती झांकी देखते ही बन रही थी। झांकी में लंगर तैयार करने में जुटी संगत और पंगत में बैठकर लंगर छकते दृश्य को दर्शाया गया। इसके माध्यम से गुरु नानक देवजी के मानवता की नि:स्वार्थ सेवा का संदेश दिया गया। इस झांकी को श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों ने खूब सराहा। छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि गुरु नानक देवजी ने संपूर्ण मानवता को समानता, भाईचारे और सेवा का मार्ग दिखाया। लंगर परंपरा इसी शिक्षा का जीवंत उदाहरण है, जहां बिना किसी भेदभाव के सभी एक पंगत में बैठकर भोजन करते हैं।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ सिक्ख काउंसिल भी गुरु साहिब की शिक्षाओं से प्रेरित होकर सेवा कार्यों में सक्रिय है। कोरोना काल में 50 हजार से अधिक मास्क वितरण, आॅक्सीजन सेवा, रायपुर से दुर्ग तक नि:शुल्क बस सेवा, महिलाओं के लिए हुनर का लंगर एवं जरूरतमंदों के लिए शव वाहन सेवा जैसे कार्य किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ सिक्ख काउंसिल के गगन सिंह हंसपाल, गुरदीप टुटेजा, रतनजीत कौर, राजविंदर, राजवीर छाबड़ा एवं राजू गुंबर सहित अन्य सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
श्री छाबड़ा ने प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु नानक देवजी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाकर समाज में प्रेम, सद्भाव और मानवता की सेवा को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धा है।
नेता प्रतिपक्ष आकाश ने पंच प्यारों से लिया आशीर्वाद
रायपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने प्रतिवर्ष की भांति नगर कीर्तन का स्वागत कर पंच प्यारों को पुष्पमाला पहनाकर व चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने प्रसाद चढ़ाकर शहर की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
संकल्प फाउंडेशन ने भी किया भव्य स्वागत
नगर कीर्तन यात्रा के गौरव पथ पहुंचने पर संकल्प फाउंडेशन के बैनर तले भव्य स्वागत किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव एवं फाउंडेशन के सदस्यों ने पंच प्यारे एवं नगर कीर्तन यात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत-अभिनंदन किया। इस अवसर पर किशोर महानंद, मखमूर खान, अनूप खेलकर, संजय कश्यप, विकास अग्रवाल, सुधीर चौबे, शब्बीर हुसैन, विपिन पटेल, मोहम्मद शकील, धर्मेंद्र वर्मा, कुलेश्वर धुरंधर, कुलविंदर सिंग हूंजन, देवाशीष पांडे, मोनू सलूजा, मनीष सेन सहित फाउंडेशन के सदस्य उपस्थित थे।