शब्दों के संग्राम में विद्यार्थियों ने दिखाई जबदरस्त प्रतिभा
रायपुर। श्रीगुजराती इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार को अंतरविद्यालयीन वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसका विषय रहा- लोकतंत्र को सशक्त बनाना या मतदाता अधिकारों के लिए खतरा?। प्रतिभागियों ने पक्ष-विपक्ष में प्रभावशाली तर्कप्रस्तुत कर अपनी तार्किक क्षमता, आत्मविश्वास एवं वक्तृत्व कला का उत्कृष्ट परिचय दिया। निर्णायक मंडल में नीलम जैन (उपप्राचार्य, जैन पब्लिक स्कूल) एवं असीम कुमार मिश्रा (पूर्व प्राचार्य- डी.ए.वी. स्कूल) उपस्थित रहे। साथ ही सम्मिलित हुए विद्यालय प्रबंधन समिति के अशोकभाई पटेल। प्राचार्य डॉ. शैलेश शर्मा की प्रेरणा व उपप्राचार्य द्वय के सहयोग से आयोजित इस स्पर्धा में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रथम स्थान एन.एच. गोयल वर्ल्ड स्कूल की गुनगुन सिंघल को मिला। शंकरा स्कूल के अक्षद सी. अत्रे व श्रीगुजराती अंग्रेजी माध्यम शाला की सेजल पांडेय उपविजेता रहे। विजेताओं को अशोक भाई पटेल एवं निर्णायकों द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में श्यान्ति भट्टाचार्य द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया।