देश

122 दिनों से चल रहे आशारामायण पाठ का भव्य समापन

 21 कुंडीय यज्ञ-हवन में शामिल हुए 1000 श्रद्धालु

रायपुर। चातुर्मास के पावन अवसर पर 122 दिनों से विभिन्न साधक परिवारों के निवास पर निरंतर आयोजित किए जा रहे श्रीरामायण पाठ का भव्य एवं श्रद्धापूर्ण समापन वी.आई.पी. रोड स्थित लवकुश वाटिका आश्रम में हुआ। वर्ष 2026 में आयोजित इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान के समापन समारोह में लगभग 1000 श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर आध्यात्मिक वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रात: 7:30 बजे गुरुप्रार्थना एवं वंदना के साथ हुआ। इसके उपरांत संत आशारामजी बापू की जीवनलीला, साधना, तपस्या एवं परिव्रज्या पर आधारित पावन ग्रंथ श्रीआशारामायण का सामूहिक पाठ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने पूर्ण श्रद्धा एवं भक्तिभाव से पाठ में सहभागिता की। 122 दिनों तक विभिन्न साधक परिवारों के घरों में आयोजित इस पाठ के माध्यम से घर-घर में सत्संग, भक्ति एवं आध्यात्मिक चेतना का संचार हुआ।

सामूहिक पाठ की पूर्णाहुति के पश्चात 21 कुंडीय यज्ञ-हवन का आयोजन किया गया। इसमें श्रद्धालुओं ने विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां अर्पित कीं। यज्ञ के दौरान महामृत्युंजय मंत्र का सामूहिक उच्चारण करते हुए संतश्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं शीघ्र रिहाई की मंगलकामना की गई। संपूर्ण यज्ञ परिसर वैदिक मंत्रों एवं भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा।

इसके उपरांत आश्रम परिसर में संतश्री की मंगल आरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सम्मिलित होकर गुरुचरणों में अपनी श्रद्धा एवं भक्ति अर्पित की। धार्मिक अनुष्ठानों के समापन के उपरांत आश्रम परिसर में विशाल आम भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें 1000 से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रेमपूर्वक भोजन प्रसादी ग्रहण की।

आश्रम संचालक रामाभाई ने बताया कि चातुर्मास के दौरान विगत कई वर्षों से यह आयोजन निरंतर किया जा रहा है। 122 दिनों तक चले इस सामूहिक श्रीआशारामायण पाठ का भव्य समापन श्रद्धालुओं के लिए आस्था, गुरु-भक्ति, सामूहिक साधना एवं आध्यात्मिक एकता का प्रेरणादायी अवसर बना। पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं का उत्साह, अनुशासन एवं सेवाभाव विशेष रूप से देखने को मिला।

About the author

मीडिया एमपीसीजी