देश

ब्रिक्स विमेन्स लीडरशिप समिट में रायपुर की सोनम माहेश्वरी

भारत की 10 महिला प्रतिभागियों में सोनम भी

रायपुर। रायपुर निवासी सोनम माहेश्वरी ने राजस्थान के बनस्थली विद्यापीठ में 19 से 23 नवंबर तक आयोजित 4 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय ब्रिक्स विमेन्स लीडरशिप समिट में सहभागिता की। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में विभिन्न ब्रिक्स देशों की लगभग 100 महिला प्रतिभागियों एवं नेतृत्वकर्ताओं ने हिस्सा लिया, जिनमें भारत की 10 महिला प्रतिभागियों में सोनम माहेश्वरी भी शामिल थीं।

भारत सरकार के विदेश मंत्रालय एवं बनस्थली विद्यापीठ से जुड़े इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन का उद्घाटन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के हाथों हुआ। सम्मेलन में महिला नेतृत्व, आपसी सहयोग, सामाजिक सहभागिता तथा विभिन्न देशों के बीच विचारों एवं अनुभवों के आदान-प्रदान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा एवं संवाद हुआ।

सोनम माहेश्वरी, सरला भैया एवं गिरीश भैया की पुत्री हैं। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में सहभागिता उनके लिए विभिन्न देशों की महिला नेतृत्वकर्ताओं के साथ संवाद करने, अनुभव साझा करने तथा वैश्विक दृष्टिकोण को समझने का महत्वपूर्ण अवसर रहा।

सोनम रायपुर में ग्रीन बिल्डिंग, क्लाइमेट चेंज एवं लाइफ साइकिल असेसमेंट जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में कंसल्टेंसी करती हैं। पर्यावरण संरक्षण एवं सतत् विकास से जुड़े इन विषयों में उनकी व्यावसायिक सहभागिता उनके कार्यक्षेत्र की विशेष पहचान है। सोनम की इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में सहभागिता से परिवार एवं माहेश्वरी समाज में हर्ष है। उनके उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर सफलता के लिए शुभकामनाएं व्यक्त की गई हैं।

About the author

मीडिया एमपीसीजी