रायपुर। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर राजधानी के जिनालयों में प्रात:काल से लेकर विशेष पूजन-अनुष्ठान हुए।
नवकार नगर जिनालय में दादा गुरुदेव की बड़ी पूजा
नवकार नगर, लालपुर स्थित श्रीमुनिसुब्रत स्वामी जिनालय में दादा गुरुदेव की भव्य बड़ी पूजा श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ हुई। मंगलवार को प्रात: 9:30 बजे आयोजित इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में गुरुभक्तों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। भक्तिमय वातावरण में दादा गुरुदेव की पूजा-अर्चना एवं आराधना कर श्रद्धालुओं ने अपने जीवन में सुख, शांति एवं मंगल की कामना की। संपूर्ण जिनालय परिसर भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर रहा। इस भव्य आयोजन का संयोजन संभव पूजा मंडल द्वारा किया गया। आयोजन में प्रवीण लूणावत, राजेश ललवानी एवं रविंद्र बछावत का विशेष सहयोग रहा।
सीमंधर स्वामी जिनालय में सिद्धाचल की भावयात्रा
भैरव सोसाइटी स्थित श्रीसीमंधर स्वामी जैन मंदिर व चमत्कारी श्रीजिनकुशल सूरि जैन दादाबाड़ी में कार्तिक पूर्णिमा महोत्सव के पुण्यवर्धक विधान संपन्न करने श्रद्धालुओं का महाविदेह आराधना केंद्र में तांता लगा रहा। जयंती बोथरा व सुनीता झाबक ने बताया, इस प्रसंग पर मंदिर परिसर में सिद्धाचल तीर्थ पालीतणा की भावयात्रा का विधिवत आयोजन हुआ। मंदिर व दादाबाड़ी ट्रस्ट के अध्यक्ष संतोष बैद व महासचिव महेंद्र कोचर ने बताया, भावपूर्वक चैत्यवंदन करते हुए श्रद्धालुओं ने भावों के माध्यम से जुड़कर सिद्धाचल तीर्थ की भावयात्रा की। दादागुरुदेव की बड़ी पूजा आरती मंगल दीपक पश्चात लाभार्थी परिवारों की ओर से गुरुप्रसादी रखी गई थी ।
कुंथुनाथ जिनालय में शत्रुंजय तीर्थ दर्शन, श्रद्धालुओं ने की 108 वंदना
फाफाडीह स्थित श्रीकुंथुनाथ जैन श्वेतांबर जिनालय में श्रीशत्रुंजय पालीताना तीर्थ का सुंदर रंगोली के माध्यम से चित्रण किया गया। श्रीछत्तीसगढ़ कच्छी दशा ओसवाल जैन ज्ञाति महाजन, रायपुर के अध्यक्ष चंद्रेश शाह की उपस्थिति में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने तीर्थपट के समक्ष पहुंचकर 108 वंदना की और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था भी की गई थी। तीर्थ यात्रा पर नहीं जा पाने वाले श्रद्धालुओं ने मंदिर में ही शत्रुंजय तीर्थ की वंदना कर धर्मलाभ लिया।
विवेकानंद नगर में शत्रुंजय तीर्थ की भावयात्रा
विवेकानंद नगर स्थित श्रीज्ञानवल्लभ उपाश्रय में मंगलवार सुबह शत्रुंजय तीर्थ की भावयात्रा की गई। मुनिश्री संवेगरत्न सागर महाराज की पावन निश्रा में सुबह 6 बजे शत्रुंजय तीर्थ का पट स्थापित कर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भावयात्रा में भाग लिया। चातुर्मास समिति के महासचिव सुरेश बरड़िया ने बताया कि यात्रा में सैकड़ों धर्मप्रेमी शामिल हुए। इसके बाद चातुर्मास के स्थान परिवर्तन के तहत बाजे-गाजे के साथ मुनि भगवंतों और श्रद्धालुओं का आगमन नेमीचंद, श्यामसुंदर बैदमुथा परिवार के निवास पर हुआ। यहां से सभी नवीन भंसाली के टैगोर नगर स्थित निवास पहुंचे। यहां भक्ताम्बर पाठ और गुरु इकतीसा का आयोजन किया गया।