रायपुर। भैरव सोसाइटी स्थित श्रीसीमंधर स्वामी जैन मंदिर व चमत्कारी श्रीजिनकुशल सूरि जैन दादाबाड़ी में कार्तिक पूर्णिमा महोत्सव के पुण्यवर्धक विधान संपन्न करने श्रद्धालुओं का महाविदेह आराधना केंद्र में तांता लगा रहा। जयंती बोथरा व सुनीता झाबक ने बताया, इस प्रसंग पर मंदिर परिसर में सिद्धाचल तीर्थ पालीतणा की भावयात्रा का विधिवत आयोजन हुआ। मंदिर व दादाबाड़ी ट्रस्ट के अध्यक्ष संतोष बैद व महासचिव महेंद्र कोचर ने बताया, भावपूर्वक चैत्यवंदन करते हुए श्रद्धालुओं ने भावों के माध्यम से जुड़कर सिद्धाचल महातीर्थ की भावयात्रा की। दादागुरुदेव की बड़ी पूजा आरती मंगल दीपक पश्चात लाभार्थी परिवारों की ओर से गुरुप्रसादी रखी गई थी।