देश

चार जिनालयों की पाषाण प्रतिमाओं की होगी प्रतिष्ठा

शंकरनगर में 6 दिवसीय मज्जिनेंद्र जिनबिंब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव कल से

सकल दिगंबर जैन समाज की रहेगी सहभागिता

विश्व शांति महायज्ञ भी होगा, मुनिश्री आगम सागर ससंघ का मिलेगा पावन सानिध्य

रायपुर। राजधानी के शंकर नगर स्थित संविधान पार्क में 29 नवंबर से 4 दिसंबर तक श्री 1008 मज्जिनेन्द्र जिनबिंब प्रतिष्ठा पंचकल्याणक महोत्सव एवं विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। सकल दिगंबर जैन समाज के तत्वावधान में होने वाले इस छह दिवसीय धार्मिक महोत्सव में विभिन्न जिनालयों की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। महोत्सव में संत शिरोमणि आचार्य विद्यासागर महाराज के परम प्रभावक शिष्य मुनिश्री आगम सागर महाराज, मुनिश्री पुनीत सागर, ऐलकश्री धैर्य सागर और ऐलकश्री स्वागत सागर महाराज का पावन सानिध्य प्राप्त होगा।

इस आशय की जानकारी श्रीदिगंबर जैन पंचकल्याणक महोत्सव समिति शंकरनगर के स्वागताध्यक्ष सुरेंद्र पाटनी ने शुक्रवार को आयोजित एक प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने सकल समाज और श्रद्धालुओं से महोत्सव में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की। इस दौरान विनोद कुमार जैन बड़जात्या, अनिल जैन भाटापारा, नरेंद्र जैन- गुरुकृपा, मनीष कुमार जैन मंडला, प्रदीप कुमार जैन, निशांत बांझल, कुलदीप सिंघई, अभिताप जैन, भैयालाल जैन, स्नेह जैन, पारस जैन आदि मौजूद रहे।

इन जिनालयों की प्रतिमाओं की होगी विधिवत प्रतिष्ठा

पंचकल्याणक महोत्सव के अंतर्गत सड्ढू स्थित श्रीपुष्पदंत जिनालय, राजिम के नारी कोंकणी स्थित दिगंबर जैन मंदिर, शंकरनगर मंदिर और गुढ़ियारी दिगंबर जैन मंदिर की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। छह दिनों तक भगवान के गर्भ, जन्म, तप, ज्ञान और मोक्ष कल्याणक से जुड़ी धार्मिक क्रियाएं संपन्न होंगी।

घटयात्रा और ध्वजारोहण से होगा शुभारंभ

महोत्सव का शुभारंभ 29 नवंबर को सुबह 8:30 बजे शंकरनगर स्थित सामुदायिक पार्क सेक्टर-1 (संविधान पार्क) में घटयात्रा, मंडप शुद्धि और भव्य ध्वजारोहण समारोह के साथ होगा। उद्घाटन समारोह में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और विधायक पुरंदर मिश्रा मुख्य अतिथि रूप में शामिल होंगे।

छह दिनों में होंगे पांचों कल्याणक

महोत्सव के दूसरे दिन 30 नवंबर को भगवान का गर्भ कल्याणक मनाया जाएगा। 1 दिसंबर को जन्म कल्याणक के अवसर पर जन्मोत्सव का जुलूस निकलेगा। भगवान को पांडुक शिला पर विराजमान कर मस्तकाभिषेक किया जाएगा। 2 दिसंबर को तप कल्याणक, 3 दिसंबर को ज्ञान कल्याणक और 4 दिसंबर को मोक्ष कल्याणक की धार्मिक क्रियाएं संपन्न होंगी। अंतिम दिन भगवान की भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी।

About the author

मीडिया एमपीसीजी